नेत्र चिकित्सा शिविर: बाबा भगवानराम ट्रस्ट ने ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई सेवा की अनूठी मिसाल
जशपुरनगर: बाबा भगवानराम ट्रस्ट ब्रह्मनिष्ठालय, सोगड़ा के वर्तमान अध्यक्ष पूज्य गुरुपद संभव राम जी की प्रेरणा से शुरू किए गए चक्षु अभियान के अंतर्गत इस वर्ष का पहला नेत्र चिकित्सा शिविर रविवार को ग्राम पैकू, विकासखंड जशपुर के माध्यमिक शाला प्रांगण में आयोजित किया गया।
शिविर में कुल 468 मरीजों का पंजीकरण और जांच की गई। इनमें से 266 मरीजों का नेत्र परीक्षण कर 190 मरीजों को मुफ्त पावर चश्मे वितरित किए गए। इसके अलावा, 201 मरीजों को अन्य रोगों के लिए परीक्षण उपरांत निशुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। शिविर में लगभग 75 मरीजों की ब्लड शुगर और अन्य संबंधित परीक्षण भी किए गए।
नेत्र परीक्षण सेवाएं सविता नंदे (जशपुर) और सुनील एक्का (गुमला) द्वारा प्रदान की गईं, जबकि अन्य रोगों की चिकित्सा सेवाएं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह (जशपुर) ने दीं।
शिविर का शुभारंभ परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम और वर्तमान अध्यक्ष पूज्य गुरुपद संभव राम के चित्र पर पूजन-अर्चन और नारियल फोड़ने के बाद किया गया। इसके बाद मरीजों की जांच सुबह से लेकर शाम तक जारी रही।
शिविर में पैकू के आसपास के ग्रामों—जिलिंग, राता, माटी सरडीह आदि—से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और इस सेवा का लाभ उठाया।
यह शिविर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।












