मणिपुर में गोली खाकर भी दुश्मनों को धूल चटाने वाले CG के भोजराम साहू को शौर्य चक्र, राष्ट्रपति मुर्मु ने किया सम्मानित
जवान भोजराम साहू को उनकी वीरता, साहस और कर्तव्यपरायणता के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। …और पढ़ें
HighLights
- मणिपुर के टेंगनौपाल अभियान में वीरता दिखाने पर मिला शौर्य चक्र
- गोली लगने के बावजूद मोर्चे पर डटे रहे असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में किया सम्मानित
नईदुनिया न्यूज, डौंडी( बालोद)। ब्लाक के ग्राम ढोरीठेमा निवासी असम राइफल्स के जवान भोजराम साहू को उनकी वीरता, साहस और कर्तव्यपरायणता के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार भोजराम साहू को वर्ष 2024 में मणिपुर के टेंगनौपाल क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान प्रदर्शित अदम्य साहस के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला कर दिया था।
गोली लगने के बाद भी डटे रहे मोर्चे पर
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भोजराम साहू ने अपनी जान की परवाह किए बिना आगे बढ़कर मोर्चा संभाला और नजदीक से जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान उन्हें गोली भी लगी, लेकिन इसके बावजूद वे अपने कर्तव्य पर डटे रहे और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण
भोजराम साहू को शौर्य चक्र मिलने के बाद बालोद जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। जानकारी के अनुसार दिल्ली से लौटने के बाद एक विशेष कार्यक्रम में गृह मंत्री विजय शर्मा स्वयं बालोद पहुंचकर जवान भोजराम साहू का सम्मान करेंगे।
Source link











