आरटीओ अधिकारी बनकर किसान से 20 हजार लूटा: बाइक सवार युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूसरी घटना में भी शामिल – Ambikapur (Surguja) News
अंबिकापुर में युवक ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताकर किसान से 20 हजार रुपए लूट लिए। किसान अपनी बेटी के इलाज के लिए अंबिकापुर के एक अस्पताल आया था। इसी दौरान बुलेट बाइक पर आए युवक ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताया और उससे पैसे ले लिए। बाद में किसान को शक हुआ तो उसने खुद ही आरोपी का पता लगाया और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिला के राजपुर ब्लॉक के ग्राम मरकाडांड निवासी संदीप लकड़ा अपनी बेटी का इलाज कराने अंबिकापुर के मासूम अस्पताल आया था। उसकी बेटी करीब पंद्रह दिनों से अस्पताल में भर्ती थी। 11 मार्च की शाम करीब 6 बजे संदीप अपने ससुर के साथ बाइक से अस्पताल से गांधी चौक की ओर किसी काम से जा रहा था। नमनाकला रिंगरोड पर राज पोल्ट्री फार्म के पास बुलेट पर सवार एक युवक ने उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर धक्का-मुक्की करने लगा। युवक ने अपना नाम शहजोर अली बताते हुए खुद को आरटीओ अधिकारी बताया। किसान से लूटे 20 हजार रुपए युवक ने किसान के पास रखे 20 हजार रुपए लूट लिए और उसका पर्स फेंक दिया। इसके बाद वह अपनी बुलेट बाइक पर बैठकर धमकी देते हुए वहां से भाग गया। घटना के बाद संदीप ने अपने परिचितों को इसकी जानकारी दी और आरटीओ ऑफिस जाकर पता किया। वहां उन्हें पता चला कि उस नाम का कोई अधिकारी नहीं है। इसके बाद किसान ने खुद ही युवक के बारे में जानकारी जुटाई। जांच करने पर युवक की पहचान ईरानी मोहल्ला निवासी शहजोर अली के रूप में हुई। इसके बाद संदीप लकड़ा ने इस मामले की शिकायत गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने धारा 126(2), 309(4) और 204 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी शहजोर अली (24 वर्ष), निवासी सतीपारा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी संजय पार्क के सामने एक अन्य व्यक्ति से 1130 रुपए की लूट की घटना में शामिल था। उस मामले में थाना कोतवाली में धारा 309(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को दोनों मामलों में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
<



.jpg?w=390&resize=390,220&ssl=1)






