गुलाबी ठंड की दस्तक:उत्तरी छत्तीसगढ़ में रातें हुईं ठंडी, 1 से 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; बढ़ेगी सिहरन — पूरी जानकारी
छत्तीसगढ़ में अब रात के साथ सुबह भी हल्की-हल्की ठंड महसूस होने लगी है। खासकर प्रदेश के उत्तरी इलाकों में रातें ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पारा 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। इससे सुबह घर से निकलने और रात में बाहर रहने पर ठंड का अहसास बढ़ेगा। फिलहाल अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम सूखा रहेगा।
गुरुवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। रात के तापमान की बात करें तो अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में यहां करीब दो डिग्री की गिरावट आई है। पेंड्रारोड में रात का पारा भी 17 डिग्री रिकार्ड किया गया था, जो एक दिन पहले 18.2 डिग्री और माना एयरपोर्ट में करीब आधा डिग्री की वृद्धि होकर 20.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री, जबकि बिलासपुर में 20.6 और दुर्ग में 20.2 डिग्री दर्ज किया गया। राजनांदगांव में रात का तापमान 22 डिग्री रहा। यहां पिछले दिन से करीब एक डिग्री की वृद्धि रही। राजधानी रायपुर के लालपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह कल के बराबर है। यानी उत्तरी छत्तीसगढ़ में रातें ठंडी होने लगी हैं, जबकि रायपुर और आसपास के इलाकों में अभी रात का तापमान ज्यादा है। शुक्रवार तक रात के तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद पारा 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। ऐसे में सुबह और रात में ठंड पहले से ज्यादा महसूस होगी। हालांकि, फिलहाल कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार नहीं हैं। अगले पांच दिनों तक मौसम सूखा रहने की संभावना है। दक्षिण भारत में बारिश, छत्तीसगढ़ में मौसम सूखा रहेगा:
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके असर से अगले 24 घंटे में वहां कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके साथ ही उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन मौसमी बदलावों के कारण दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर खास असर पड़ने की संभावना नहीं है। अक्टूबर में 9.4 डिग्री तक गिर चुका है पारा, रायपुर में 15.4 डिग्री का रिकॉर्ड: छत्तीसगढ़ में अक्टूबर के आखिरी दिनों में रात का तापमान काफी नीचे गिर चुका है। अंबिकापुर में 31 अक्टूबर 1954 को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, रायपुर में 27 अक्टूबर 2009 को पारा 15.4 डिग्री तक पहुंचा था। रायपुर में 2009 के बाद अक्टूबर में 15.4 डिग्री से कम तापमान का रिकॉर्ड दिए गए आंकड़ों में दर्ज नहीं है। वैसे रायपुर में आल टाइम न्यूनतम तापमान का रिकार्ड 13.9 डिग्री है, जो 30 अक्टूबर 1933 को दर्ज किया गया था। बिलासपुर में 26 अक्टूबर 2009 को अक्टूबर की सबसे ठंडी रात में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज हुआ था। जगदलपुर में 31 अक्टूबर 1941 को पारा 11.1 डिग्री तक गिर गया था। पुराने रिकॉर्ड के अनुसार अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश के उत्तरी हिस्से में रातें ज्यादा ठंडी हो सकती हैं। भास्कर एक्सपर्ट – एमएल साहू, रिटायर्ड डिप्टी डायरेक्टर जनरल, मौसम विभाग रायपुर में अक्टूबर अंत से शुरू होगी ठंडक अक्टूबर में न्यूनतम तापमान बहुत ज्यादा नीचे नहीं जाता। दरअसल इस महीने आमतौर पर 15-20 अक्टूबर के आसपास मानसून की विदाई होती है। दक्षिण-पश्चिम हवा का प्रभाव खत्म होता है। मौसम शुष्क होने लगती है। इसमें थोड़ा वक्त लगता है। दूसरे पखवाड़े से ठंड की शुरुआत होती है।









