मल्टी लेवल पार्किंग में पेट्रोल-पार्ट्स चोर एक्टिव…VIDEO: सरकारी पार्किंग में गाड़ी सुरक्षित नहीं,पेट्रोल चुराते CCTV में कैद हुए आरोपी – Raipur News
रायपुर25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राजधानी रायपुर के मल्टीलेवल पॉर्किंग में खड़ी गाड़ियां अब चोरों के निशाने पर है। मल्टी लेवल पार्किंग में इन दिनों वाहन मालिकों की नींद उड़ी हुई है।
रात के अंधेरे में अज्ञात गिरोह पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल और कीमती पार्ट्स पार कर रहा है। चोरी की यह करतूत वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पॉर्किंग में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल निकालते हुए आरोपी।
पॉर्किंग संचालक और वाहन स्वामियों को मामले की शिकायत पुलिस में दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरु कर दी है।
मिनटों में खाली कर देते हैं टंकी
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के भीतर दाखिल होते हैं।
सुरक्षा गार्डों की नजरों से बचकर ये आरोपी सीधे उन जगहों पर पहुंचते हैं जहां रोशनी कम है। वीडियो में युवक बड़ी ही चालाकी से दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आ रहे हैं।
पॉर्किंग में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल निकालते हुए आरोपी।
सिर्फ पेट्रोल नहीं, पार्ट्स पर भी हाथ साफ
वाहन मालिकों का आरोप है कि चोर सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, बल्कि गाड़ियों के साइड मिरर, क्लच लीवर और अन्य छोटे लेकिन कीमती स्पेयर पार्ट्स भी निकाल ले जा रहे हैं। सुबह जब लोग अपनी ड्यूटी या काम के लिए गाड़ी लेने पहुंचते हैं, तो उन्हें वाहन स्टार्ट न होने पर चोरी का पता चलता है।
पार्किंग मैनेजमेंट पर सवाल
राजधानी के वीआईपी इलाके में स्थित इस सरकारी पार्किंग में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। रात के समय किसी भी अनजान व्यक्ति का पार्किंग में घुसना प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है।
फिलहाल, पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस और पार्किंग प्रबंधन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
<











