चौहान समाज की राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों का सम्मान 7 अप्रैल को
घरघोड़ा। हाल ही में संपन्न नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में चौहान समाज ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधियों ने महापौर, जनपद अध्यक्ष, जिला एवं जनपद सदस्य, सरपंच और उप सरपंच पदों पर शानदार जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है।
समाज की इस सफलता को लेकर चौहान समाज के बीच उत्साह का माहौल है। समाज ने एकजुट होकर अपने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान करने का निर्णय लिया है। इसके लिए समाज के सदस्यों ने स्वयं आर्थिक योगदान देकर आयोजन को भव्य रूप देने की पहल की है। यह सम्मान समारोह 7 अप्रैल को रायगढ़ के पंजरीप्लांट स्थित ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा, जिसमें प्रदेश के वित्त मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह की तैयारियाँ जोरों पर
सम्मान समारोह को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार बैठकों का आयोजन कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम ऐतिहासिक बने और समाज के युवाओं एवं महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले। आयोजकों का मानना है कि चौहान समाज का सामाजिक ढांचा मजबूत है और ब्लॉक स्तर तक उसका विस्तार हो चुका है, लेकिन सूचना तंत्र को और अधिक प्रभावशाली बनाने की आवश्यकता है ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक समाजजन भाग ले सकें।
समारोह में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
सम्मान समारोह समिति के वरिष्ठ संरक्षक महाबीर गुरु जी और अध्यक्ष हरीशंकर चौहान ने पुसौर, लैलूंगा, खरसिया, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, तमनार, रायगढ़ और रायगढ़ पूर्वी क्षेत्र के सामाजिक पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
आदिवासी वर्ग में पुनः शामिल करने की मांग उठ सकती है
इतिहास के पन्नों पर नजर डालें तो आजादी के बाद 1949 में जब भारत में मध्य प्रांत बरार स्टेट की राजधानी नागपुर थी, तब चौहान समाज को आदिवासी वर्ग में शामिल किया गया था। लेकिन 1956 में मध्य प्रदेश के पुनर्गठन के दौरान इसे अनुसूचित जाति की श्रेणी में रख दिया गया। लंबे समय से समाज के प्रबुद्धजन अपनी जाति को मूल स्वरूप यानी आदिवासी संवर्ग में पुनः शामिल करने की मांग उठा रहे हैं। संभावना है कि इस सम्मान समारोह के दौरान इस बहुप्रतीक्षित मांग को वित्त मंत्री ओपी चौधरी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
चौहान समाज के इस सामूहिक प्रयास से न केवल सामाजिक एकता मजबूत होगी, बल्कि भविष्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर और अधिक प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराने की प्रेरणा भी मिलेगी।













