मंत्री से अधिकारी बोले- बारिश से पहले डामरीकरण-सड़क मरम्मत मुश्किल: राजेश अग्रवाल ने ली अधिकारियों की बैठक, कहा-गड्ढे तो भरें, बनेंगे पांच नए सब स्टेशन – Ambikapur (Surguja) News
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली और शहर और जिले की प्रमुख सड़कों को सुधारने, बिजली की व्यवस्था को दुरूस्त करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में मंत्री राजेश अग्रवाल के समक्ष अधिकारियों ने बताया कि डामर की कीमतें बढ़ने के कारण ठेकेदार सड़क बनाने तैयार नहीं है, इसलिए सड़कें नहीं बन पाएंगी। मंत्री ने बिजली व्यवस्था सुधारने पांच नए सब स्टेशन के लिए जमीन तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित पीएचई के अधिकारी उपस्थित थे। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी अपने कर्त्तव्यों का गंभीरता से निर्वहन करें। बारिश पूर्व सड़क सुधार मुश्किल, अधिकारियों ने हाथ खड़े किए बैठक में मंत्री अग्रवाल ने जिले की सड़क व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों की मरम्मत और लंबित निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने नेशनल हाईवे के ईई को शहर की सड़कों का जल्द सुधार कार्य कराने को कहा। नेशनल हाईवे और पीडब्लूडी के अधिकारियों ने बताया कि डामर की कीमतें ढाई से तीन गुना बढ़ गई हैं। ठेकेदार काम करने के लिए तैयार नहीं हैं। बारिश के पहले हम काम करा पाएंगे, इसकी गारंटी नहीं है। मंत्री ने कहा कि डामर का काम नहीं हो सकता तो गड्ढे भरे जाएं। मंत्री ने मनेन्द्रगढ़ रोड में पीजी कॉलेज ग्राउंड के सामने जलभराव की स्थिति में सुधार के लिए मरम्मत कार्य कराने कहा। अधिकारियों ने बताया कि डीजल की किल्लत और डामर, इमलशन की कीमतें बढ़ने से सड़क निर्माण के कार्य बंद हैं। इसपर ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। पांच नए सब स्टेशन बनेंगे, जमीन दिलाने के निर्देश शहर और जिले में विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बिजली कटौती, ट्रांसफार्मर सुधार, लो-वोल्टेज की शिकायतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि पांच सब स्टेशन बनाए जाने हैं, जिसके लिए राशि स्वीकृत है, लेकिन उन्हें जमीन नहीं दी जा रही है। मंत्री ने निगम आयुक्त को जल्द से जल्द पांच सब स्टेशन के लिए जगह चयन कर विभाग को देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बारिश और गर्मी के मौसम को देखते हुए आपातकालीन टीम को भी सक्रिय रखा जाए। निगम की व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश इस दौरान शहर में पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। मंत्री ने आने वाले मानसून को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जरूरी तैयारी करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। उन्होंने अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने और किराया नहीं देने वाली दुकानों से वसूली करने को भी कहा। मंत्री ने कहा कि शहर में कई जगह जर्जर भवनों को हटाकर शासकीय आवास बनाए जा सकते हैं, इसलिए ऐसे स्थानों की पहचान की जाए। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के बचे हुए निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
<












