विज्ञापन दें / सहयोग करें

इंस्टा पर प्यार…मां-बेटे की हत्या, वॉट्सएप मैसेज से पकड़ाए आरोपी: मां बोली- दूसरी शादी करने से मना की, बोलती थी- बेटे को देखकर जी लूंगी – Chhattisgarh News

मां-बेटे की हत्या कर दोनों की लाश अलग-अलग कुएं में फेंकी गई थी।

22 जून 2024 को सुनीता चतुर्वेदी और उसके 8 साल के बेटे काव्यांश की हत्या कर दी गई। दुर्ग जिले के खम्हरिया गांव के दो अलग-अलग कुओं से दोनों की लाश मिली। शादी का दबाव डालने पर प्रेमी ने अपने भाई के साथ मिलकर दोनों को गला घोंटकर मार डाला।

.

इस वारदात के बाद से घर में मातम पसरा है, मां सदमे में हैं तो दादी की आंखें बेटी और तस्वीरों से हटती नहीं। घर का आखिरी चिराग वो बच्चा अब नहीं रहा..और ना रही वो मां, जिसने हर रिश्ते से लड़कर सिर्फ उसकी परवरिश की इंस्टा वाला प्यार कैसे खौफनाक वारदात में बदल गया, पढ़िए इस रिपोर्ट में:-

कुएं में सुनीता और उसके मासूम बेटे काव्यांश की लाश मिली थी।

दूसरी शादी की बात नहीं मानी, बोली थी- बेटे को देखकर जी लूंगी

सुनीता चतुर्वेदी। उम्र 34 साल। रायपुर के ओल्ड राजेन्द्र नगर में अपने 8 साल के बेटे काव्यांश के साथ रहती थीं। पति की 7 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। तब काव्यांश सिर्फ दो महीने का था। घरवालों ने बार-बार कहा- जीवन लंबा है, दूसरी शादी कर ले। पर सुनीता ने साफ कहा- अब मेरी जिंदगी काव्यांश है।

परिवार ने माना कि वो मजबूत लड़की है। स्कूल में टीचर बनी, बेटे की परवरिश की और जिंदगी को किसी तरह पटरी पर लाने लगी। लेकिन एक दिन उसके मोबाइल में इंस्टाग्राम पर आए एक रिक्वेस्ट ने उसकी दुनिया बदल दी।

इंस्टा पर दोस्ती, दो साल तक झांसे में रखकर बनाए संबंध

करीब दो साल पहले, इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान छत्रपाल सिंह सिंगौर नाम के युवक से हुई। बातचीत बढ़ी, नंबर एक्सचेंज हुए और जल्द ही रायपुर के महादेव घाट पर पहली मुलाकात हुई। छत्रपाल ने बताया कि वो कुंवारा है और शादी करना चाहता है। सुनीता ने भी अपने दिल की बात बताई कि वो विधवा है, बेटा है, लेकिन जिंदगी से उम्मीद बाकी है।

बातचीत मुलाकातों में बदली, मुलाकातें भरोसे और फिर शारीरिक रिश्तों में। छत्रपाल हर बार कहता “बस अगले महीने शादी करेंगे…” और हर बार कोई बहाना बनाकर बात टाल देता।

पर सुनीता का भरोसा नहीं डगमगाया। उसे यकीन था कि एक दिन उसका बेटा काव्यांश को “पापा” कह पाएगा। पर यहीं वो गलत थी।

मां-बेटे की हत्या के बाद अलग-अलग कुएं में फेंकी गई थी लाश।

शादी का वादा कर दूसरी शादी रचाई, जब दबाव पड़ा तो रच दी खौफनाक साजिश

डेढ़ माह पहले सुनीता को पता चला कि छत्रपाल ने गुपचुप तरीके से किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली है। सुनीता टूटी, लेकिन शांत नहीं हुई। वो लगातार फोन कर छत्रपाल पर ये दबाव बनाती रही कि शादी का वादा किया था, अब मेरे और मेरे बेटे को अपनाओ।

इसी दबाव से तंग आकर छत्रपाल ने एक भयानक साजिश रच डाली। उसने अपने चचेरे भाई शुभम कुमार सिंगौर से कहा “अब इससे पीछा छुड़ाना है। यहां बुलाओ, समझाएंगे, नहीं मानी तो हटाना पड़ेगा।”

18 जून को छत्रपाल खुद बाइक लेकर रायपुर के भाठागांव पहुंचा। सुनीता और काव्यांश को यह कहकर बैठाया कि गांव चलो, सब साफ कर देंगे। शादी तय कर लेंगे। सुनीता बेटे के साथ खुशी-खुशी बैठ गई। उसे क्या पता था कि ये सफर मौत की ओर ले जाएगा।

पुलिस की मदद से कुएं से निकाला गया दोनों का शव।

मां-बेटे की हत्या के बाद शव कुएं में फेंका गया

दुर्ग के खम्हरिया गांव में ले जाकर दोनों भाइयों ने पहले सुनीता को डराया-धमकाया। सुनीता डरी नहीं, उल्टा चिल्लाकर जवाब देने लगी। तब दोनों ने मिलकर पहले सुनीता का और फिर काव्यांश का गला घोंटकर कत्ल कर दिया।

हत्या के बाद दोनों के शवों को साड़ी में लपेटा गया, बोरी में भरा गया, पत्थर बांधकर दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया गया ताकि कोई सबूत न मिले।

घर से सुनीता अपने सारे डॉक्यूमेंट, गोल्ड ज्वेलरी और कैश लेकर गई थी। आरोपियों ने डॉक्यूमेंट वहीं फेंक दिए लेकिन ज्वेलरी और कैश उनसे नहीं मिला।

आरोपी ने सुनीता के मोबाइल से ये मैसेज सुनीता के भाई को भेजा था।

गुनहगार ने कत्ल के बाद ऐसे गुमराह किया परिवार को

छत्रपाल को सुनीता के परिवार वालों की चिंता थी। इसलिए हत्या के बाद उसने सुनीता का मोबाइल लेकर उसके भाई को मैसेज किया

भाई, मैं उसी लड़के के साथ हूं जिसे पसंद करती हूं। टेंशन मत लेना, कुछ दिन बाद आ जाऊंगी, शायद तेरी शादी में

QuoteImage

पर एक गलती हो गई छत्रपाल ने जो मैसेज लिखा उसमें भाषा “मैं कर रहा हूं” टाइप की थी, जिससे परिवार को समझ आ गया कि ये सुनीता का लिखा हुआ नहीं है। फिर परिवार और ज्यादा घबरा गया।

इतना ही नहीं, छत्रपाल ने सुनीता के इंस्टाग्राम अकाउंट से सारी फोटोज डिलीट कर दीं, मोबाइल का सारा डेटा मिटाया और फोन पानी में फेंक दिया।

पुलिस ने बरती लापरवाही, गुमशुदगी रिपोर्ट तक नहीं लिखी

रायपुर के सिविल लाइन थाने में जब सुनीता के भाई धर्मेश बारले गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा पहले 72 घंटे इंतजार करो।

अगली सुबह जब वो फिर पहुंचे, तो थाने में मौजूद पुलिसवालों ने उल्टा उनसे गुटखा और तंबाकू मंगवाया। जब हमें अमलेश्वर थाने से कॉल आया तब पता लगा कि मेरी बहन और भांजे की हत्या कर दी गई है।

SIT की जांच में हुआ खुलासा, दोनों आरोपी गिरफ्तार

22 जून को जब गांव के कुओं से बदबू आई, तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। अमलेश्वर थाने की टीम और फॉरेंसिक यूनिट मौके पर पहुंची। जब दोनों शव निकाले गए, तब तक वो गलने लगे थे।

दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने तुरंत SIT बनाई। गांव वालों से पूछताछ के बाद छत्रपाल को हिरासत में लिया गया। पहले उसने झूठ बोला, फिर सख्ती हुई तो पूरा जुर्म कबूल कर लिया।

अब छत्रपाल सिंह सिंगौर और शुभम सिंगौर हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में जेल में हैं।

काव्यांश परिवार का आखिरी चिराग था

काव्यांश चतुर्वेदी इस परिवार की आखिरी उम्मीद था। दादा दो महीने पहले गुज़र चुके थे। पिता 7 साल पहले हार्ट अटैक से चले गए थे। नानी-नाना के घर में काव्यांश ही वो वजह था जिससे सुबह शुरू होती थी।

जिस स्कूल में सुनीता पढ़ाती थी उसी स्कूल में काव्यांश भी पढ़ता था। क्लास में वो हमेशा सबसे शांत रहता था। लंच ब्रेक में भी कई बार मम्मी के हाथ का खाना खाता और किसी को नहीं छेड़ता। मगर सुनीता की तरह उसकी भी मासूम जिंदगी एक धोखे में दफ्न हो गई।


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button