कांकेर में प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या: पखांजूर में खेत से मिले शव, दोनों के रिश्ते को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस जांच में जुटी – Kanker News
कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में लव अफेयर के चलते एक युवक और युवती ने आत्महत्या कर ली। दोनों के शव खेत में मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर (निर्देय) निवासी 26 वर्षीय राकेश अचला और जबेली (टेकामेटा) निवासी 20 वर्षीय कुमारी जगवती बडडे के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था। बताया जा रहा है कि घर में उनके रिश्ते को लेकर विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया। खेत में मिले दोनों के शव घटना का खुलासा तब हुआ जब अगले दिन सुबह ग्रामीण महुआ बीनने के लिए खेतों की ओर गए। टेकामेटा निवासी नाथू दुगा के खेत में दोनों के शव पड़े मिले। ग्रामीणों ने देखा कि उनके मुंह से झाग निकल रहा था और उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जाबेली सरपंच कैसियो खलको को दी। सरपंच ने छोटेबेठिया थाना पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छोटेबेठिया थाना प्रभारी रमेन उसेंडी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
<










