सूरजपुर जेल का न्यायाधीश-कलेक्टर ने किया सघन निरीक्षण: बंदियों से संवाद कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश – Surajpur News
बंदियों के अधिकारों और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा के उद्देश्य से गुरुवार को सूरजपुर जिला जेल का डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने सघन निरीक्षण किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर के नेतृत्व में अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण दल ने जेल परिसर की बैरकों, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र और लीगल एड क्लीनिक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, शिक्षा और खेलकूद जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया। कानूनी सहायता की भी हुई समीक्षा निरीक्षण के दौरान यह भी परखा गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से बंदियों को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं। अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक आयोजित जेल निरीक्षण के बाद जिला न्यायालय में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों और बंदियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बंदियों की सुविधाओं पर दिया विशेष जोर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बंदियों के अधिकारों का संरक्षण और मानवीय दृष्टिकोण से सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश बैठक के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जिला न्यायालय के नए भवन और न्यायिक अधिकारियों के आवासीय भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए, ताकि न्यायिक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
Source link










