फरसगांव में टॉर्च की रोशनी में गाय का सिजेरियन ऑपरेशन: महिला वेटनरी डॉक्टर और टीम ने बचाई जान – Kondagaon News
कोंडागांव के फरसगांव विकासखंड के ग्राम बोरगांव में 13 जून की रात एक गाय प्रसव पीड़ा से जूझ रही थी। पशुपालक शंकर मजूमदार की गाय का सामान्य प्रसव संभव नहीं था, क्योंकि गर्भस्थ बछड़े की गर्दन असामान्य रूप से मुड़ी हुई थी और गाय का योनि मार्ग संकरा था। इस स्थिति को ‘डिस्टोकिया’ कहा जाता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। रात 10 बजे टॉर्च और आपातकालीन रोशनी के सहारे गाय का जटिल सिजेरियन ऑपरेशन शुरू किया गया। इस टीम में डॉ. ढालेश्वरी, डॉ. दीपिका सिदार, डॉ. सुमन उइके और सहायक डी.पी. साहू (एवीएफओ) शामिल थे। पशुपालक ने डॉक्टरों का आभार जताया डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक शल्य चिकित्सा कर मृत बछड़े को बाहर निकाला। हालांकि बछड़े को बचाया नहीं जा सका, लेकिन डॉक्टरों की तत्परता और प्रयास से गाय की जान बचा ली गई। पशुपालक शंकर मजूमदार ने डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जब मेरी गाय तड़प रही थी, मुझे लगा मैं उसे खो दूंगा। लेकिन डॉक्टरों ने रात में आकर जो किया, वह किसी चमत्कार से कम नहीं था। मैं पूरी टीम का जीवनभर आभारी रहूंगा।”
<











