विज्ञापन दें / सहयोग करें

छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, अकवान तूफान से गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद राजधानी रायपुर में मौसम में अचानक बदलाव आया। ठंडी हवाएं चलने लगीं और हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडक बढ़ गई। ठंड बढ़ने के कारण शहर के कुछ स्थानों पर लोग अलाव जलाकर आग तापते हुए नजर आए।

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। अलर्ट वाले जिलों में रायपुर के अतिरिक्त बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।

यह चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ बंगाल की खाड़ी में बना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना है, जिससे इन तटीय क्षेत्रों में भारी प्रभाव पड़ सकता है।

तूफान के तट से टकराने के दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंचने का अनुमान है। इस चक्रवाती तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इस तरह, दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा गया।

प्रदेश में तापमान की बात करें तो, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश के अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक रहा।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button