सड़क सुरक्षा के लिए जशपुर पुलिस की पहल, निःशुल्क हेलमेट वितरण
जशपुर । सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने गुरुवार को गम्हारिया में निःशुल्क हेलमेट वितरण अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशि मोहन सिंह ने किया, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व को समझाया गया और उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी शशि मोहन सिंह ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि “सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य है। हेलमेट न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि यह आपकी सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच भी है।” उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी।
343 लोगों ने गवाई जान, पुलिस ने जताई चिंता
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनिल सोनी ने बताया कि साल 2024 में जशपुर जिले में 343 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा जिले के लिए गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि जशपुर एक उद्योग विहीन क्षेत्र है, जहां आमतौर पर सड़क दुर्घटनाओं की इतनी बड़ी संख्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही और यातायात नियमों के प्रति लापरवाही इन हादसों का प्रमुख कारण है।
जागरूकता के लिए चौपाल और नुक्कड़ नाटक
पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा माह के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए चौपाल, नुक्कड़ नाटक और स्कूलों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सजग किया जा रहा है।
एएसपी अनिल सोनी ने जनता से अपील करते हुए कहा, “आपका जीवन सिर्फ आपका नहीं है, यह आपके परिवार और समाज के लिए भी अनमोल है। जब भी सड़क पर चलें, यह याद रखें कि घर पर आपका परिवार आपकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है।”
पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और उम्मीद जताई कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। जशपुर पुलिस का यह प्रयास निश्चित रूप से सुरक्षित यातायात और जिम्मेदार नागरिकता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।













