कोंडागांव में 2 परिवारों ने 3 साल-बाद घर वापसी की: 6 सदस्य मूल धर्म में लौटे, ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया – Kondagaon News
कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत बांगोली में मंगलवार को दो परिवारों के छह सदस्यों ने मूल धर्म में वापसी की। इस अवसर पर उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। इन परिवारों ने लगभग तीन वर्ष पहले धर्म परिवर्तन किया था। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय इन परिवारों को इलाज और सहायता के नाम पर भ्रमित किया गया था। हालांकि पिछले कुछ समय से इनके मन में अपने मूल धर्म और परंपराओं की ओर लौटने की इच्छा जागृत हो रही थी। मंगलवार को गांव में आयोजित एक सामाजिक बैठक के दौरान दोनों परिवारों ने सार्वजनिक रूप से अपने मूल धर्म में लौटने की घोषणा की। इसके बाद पूरे गांव की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर ‘घर वापसी’ की प्रक्रिया पूरी की गई। पारंपरिक विधि से कराया गया पुनः प्रवेश गांव के सिरहा, गुनिया और पुजारियों ने पारंपरिक विधि से मंत्रोच्चार, पुष्प और अक्षत के साथ सभी सदस्यों का पुनः धर्म में प्रवेश कराया। सरपंच हीरासिंग ने बताया कि गांव के लोग अपनी परंपरा और संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर अपनी संस्कृति और पहचान को आगे बढ़ाना चाहते हैं। यह सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का प्रतीक है।” फिलहाल गांव में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल है और ग्रामीण आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की बात कह रहे हैं।
<










