विज्ञापन दें / सहयोग करें

जशपुर में चरित्र शंका ने ली पत्नी की जान, पति ने बेरहमी से पीटा फिर बोलेरो में मृत मिली

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत रनपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चरित्र शंका के चलते निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कोलो राम (43) को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी कोलो राम लरंगा स्थित बालक छात्रावास में प्रभारी अधीक्षक के पद पर कार्यरत है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपनी पत्नी इंद्रमुनी के चरित्र पर लगातार शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। यह मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 7 नवंबर की रात करीब 8: 30 बजे की है। कोलो राम रनपुर स्थित अपने घर पहुंचा और सीधे पत्नी के कमरे में गया। वहां उसने इंद्रमुनी के चरित्र पर शक करते हुए उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि कोलो राम ने इंद्रमुनी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने घर में रखी टांगी के पासा से इंद्रमुनी की पीठ पर दो बार वार किया।

हमले के बाद, कोलो राम ने इंद्रमुनी को घर से बाहर खींचकर निकाला और पड़ोसियों के घर के सामने डंडे से बेरहमी से पीटा। इस दौरान इंद्रमुनी के बेटे रोशन कुमार और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर कोलो राम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह इंद्रमुनी को उसके चंगुल से छुड़ाया जा सका। मारपीट में इंद्रमुनी की पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के बाद, बेटे रोशन और उसके छोटे भाई ने घायल इंद्रमुनी को घर लाकर सुला दिया। कुछ देर बाद, आरोपी कोलो राम फिर से वहां पहुंचा। उसने पत्नी को इलाज के लिए बोलेरो वाहन से अस्पताल ले जाने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया। रात करीब 4 बजे कोलो राम बोलेरो लेकर वापस रनपुर स्थित घर पहुंचा।

अगली सुबह, लगभग 6 बजे, बेटे रोशन ने घर के पास खड़ी बोलेरो का दरवाजा खोला तो उसने देखा कि उसकी मां इंद्रमुनी बीच वाली सीट पर मृत पड़ी थी। उस समय आरोपी पिता कोलो राम वहां मौजूद नहीं था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब एक साल पहले कोलो राम दूसरी महिला को अपनी पत्नी बनाकर साथ रखने लगा था। इसके बाद वह पंडरापाठ इलाके में रहने लगा था, जबकि इंद्रमुनी अपने दोनों बेटों के साथ रनपुर में ही रहती थी। जब भी कोलो राम गांव आता था, वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक कर उससे विवाद करता था।

इस हृदय विदारक घटना के बाद, इंद्रमुनी के बेटे रोशन कुमार (20) ने बगीचा थाने में अपने पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद, शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपी पति कोलो राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई टांगी, डंडा और बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि पत्नी के चरित्र पर शक करने के बाद मारपीट कर उसकी हत्या करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल हथियार व वाहन जब्त कर उसे जेल भेज दिया गया है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button