विज्ञापन दें / सहयोग करें

धमतरी में स्कूल की छुट्टी के बाद कमरे में बंद रह गई पहली की छात्रा, ग्रामीणों ने ताला तोड़कर निकाला, शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी

कुरूद क्षेत्र के पीएमश्री प्राथमिक शाला कठौली में स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है।

Publish Date: Sun, 12 Jul 2026 09:30:03 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 Jul 2026 09:30:03 PM (IST)

छुट्टी के बाद पहली की छात्रा स्कूल में घंटों बंद रही

HighLights

  1. छुट्टी के बाद पहली की छात्रा स्कूल में घंटों बंद रही, रात में ताला तोड़कर निकाला गया
  2. लापरवाही पर प्रधानपाठक से जवाब-तलब, जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच टीम गठित की
  3. ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर जिम्मेदारी से बचने और स्वीपर पर दोष मढ़ने का आरोप लगाया

नईदुनिया प्रतिनिधि, धमतरी। कुरूद क्षेत्र के पीएमश्री प्राथमिक शाला कठौली में स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा पहली की एक छात्रा स्कूल के कमरे में ही बंद रह गई। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन और ग्रामीणों ने स्कूल का ताला तोड़कर छात्रा को बाहर निकाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच टीम गठित कर संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

स्कूल परिसर खाली हो चुका था

जानकारी के अनुसार 10 जुलाई को स्कूल की छुट्टी के बाद सभी शिक्षक विद्यालय में ताला लगाकर चले गए। इस दौरान कक्षा पहली की एक छात्रा किसी कारणवश कक्षा में ही रह गई। विद्यालय बंद करने से पहले कक्षाओं का निरीक्षण नहीं किए जाने के कारण छात्रा घंटों तक कमरे में कैद रही। उसने बाहर निकलने के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन तब तक स्कूल परिसर खाली हो चुका था।

बच्ची की स्थिति खराब हो गई थी

शाम तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर स्वजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की। देर रात विद्यालय परिसर से रोने और आवाज देने की ध्वनि सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्कूल में ताला लगा होने के कारण ग्रामीणों ने ताला तोड़कर छात्रा को बाहर निकाला। कई घंटे तक भूखे-प्यासे और डरी-सहमी हालत में रहने से बच्ची की स्थिति खराब हो गई थी।

प्रधानपाठक और शिक्षकों की जिम्मेदारी

घटना के बाद ग्रामीणों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय स्कूल प्रबंधन पूरे मामले का दोष सफाई कर्मचारी पर मढ़ने का प्रयास कर रहा है, जबकि विद्यालय बंद करने से पहले सभी कक्षाओं का निरीक्षण करना प्रधानपाठक और शिक्षकों की जिम्मेदारी है।

भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर जांच टीम गठित की गई है और संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू, सदन में पेश होंगे 9 संशोधन विधेयक, हंगामे के पूरे आसार


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button