रायगढ़ में फर्जी कागजात से लकड़ी का अवैध परिवहन: उड़नदस्ता टीम ने चंद्रपुर बार्डर के पास पकड़ा, बोल्डर पत्थर लोड ट्रैक्टर पर भी कार्रवाई – Raigarh News
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने फर्जी कागजात के साथ लकड़ी ले जा रहे ट्रक और बोल्डर पत्थर लदे ट्रैक्टर को पकड़ा है। दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की उड़नदस्ता टीम रात में गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक संदिग्ध ट्रक को जाते देखा। ट्रक को चंद्रपुर और रायगढ़ रोड के बार्डर पर रोक लिया गया। जांच में ट्रक में सेमल लकड़ी का गोला पाया गया। जब ड्राइवर घिनाराम पोयम (26 साल, निवासी देऊरबाल, कोंडागांव) से पूछताछ की गई तो वह टालमटोल करने लगा। लेकिन दस्तावेज जांचने पर पता चला कि लकड़ी का परिवहन बलौदाबाजार से रायपुर के लिए किया जा रहा था, और वह इसे रायगढ़ से ले जा रहा था। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लकड़ी का परिवहन करते पाए जाने पर ट्रक को बेलादुला डिपो ले जाया गया। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी का मालिक उत्तम कुमार देवांगन, बजरंग चौक, कुम्हारी, दुर्ग का रहने वाला है। लकड़ी उमरिया पुसौर से लोड की गई थी। इसके बाद उड़नदस्ता टीम ने अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध परिवहन में ट्रैक्टर भी पकड़ा गया वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एक महिंद्रा ट्रैक्टर भी पकड़ लिया। इसमें अवैध रूप से बोल्डर पत्थर लोड था। ट्रैक्टर कोड़ातराई के पास से रायगढ़ की ओर जा रहा था। सही दस्तावेज न होने पर इसे जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लगातार निगरानी जारी रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि अवैध लकड़ी और वन क्षेत्र से खनिज के परिवहन पर लगातार निगरानी की जा रही है। टीम ने अवैध ट्रक और पत्थर लदा ट्रैक्टर पकड़कर कार्रवाई की है। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को भी मजबूत किया जा रहा है और लगातार कार्रवाई जारी है।
<










