उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दिखे हनी बैजर: अखिल भारतीय बाघ गणना सर्वेक्षण के दौरान ट्रैप कैमरे में कैद, खूंखार माने जाते हैं – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर की मौजूदगी एक बार फिर सामने आई है। हाल ही में अखिल भारतीय बाघ गणना सर्वेक्षण के दौरान कैमरा ट्रैप में हनी बैजर के शावकों का वीडियो रिकॉर्ड हुआ है। टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि, इलाके में काफी संख्या में छिंद भालू पाए जाते हैं, जिन्हें हनी बैजर भी कहा जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि ये जीव सांपों और अन्य मांसाहारी जीवों की संख्या को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तेंदुए-बाघ से भी भिड़ जाते हैं हनी बैजर वरुण जैन के अनुसार, हनी बैजर आकार में छोटे जरूर होते हैं, लेकिन बेहद खूंखार और साहसी माने जाते हैं। कई बार ये तेंदुए और बाघ जैसे बड़े शिकारी जीवों से भी भिड़ जाते हैं। इनकी मजबूत त्वचा, तेज पंजे और आक्रामक स्वभाव इन्हें अन्य वन्यजीवों से अलग बनाता है। वन विभाग के मुताबिक, हनी बैजर मुख्य रूप से रात्रिचर जीव है और जंगल के घने इलाकों, झाड़ीदार क्षेत्रों, घासभूमि और दीमक वाले स्थानों में विचरण करता है। कैमरा ट्रैप में इनकी मौजूदगी दर्ज होना जंगल के स्वस्थ पारिस्थितिक तंत्र का संकेत माना जा रहा है। आम लोगों से यह अपील उपनिदेशक वरुण जैन ने कहा कि उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में सिर्फ हनी बैजर ही नहीं, बल्कि कई अन्य दुर्लभ वन्यजीव भी लगातार विचरण करते पाए जा रहे हैं। वन विभाग इन जीवों के संरक्षण और निगरानी के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। विभाग ने आम लोगों से वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करने और जंगलों में अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
<











