सूरजपुर के शिवनन्दनपुर में पहला नगरीय चुनाव: 4,642 मतदाता दे रहे वोट,15 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी – Surajpur News
सूरजपुर में नवगठित शिवनन्दनपुर नगर पंचायत में रविवार को पहले नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। दोपहर 1:30 बजे तक 63.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर पंचायत के गठन के बाद हो रहे इस पहले चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत
.
नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 4,642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई। इससे पहले सुबह 7 बजे सभी 15 मतदान केंद्रों पर मॉक पोल सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक मतदान केंद्र बनाया गया है।
अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के कुल तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है। वहीं 15 वार्डों में कुल 52 पार्षद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला भी मतदाता आज करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्येक मतदान दल के साथ चार-चार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा 11 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं। निगरानी और समन्वय के लिए दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा दो सेक्टर अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है।
मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह
अधिकारियों के अनुसार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। प्रशासन को उम्मीद है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और वृद्धि होगी।
जिलेभर की नजरें शिवनन्दनपुर पर
सूरजपुर जिले के अन्य क्षेत्रों में पंच और बीडीसी पदों के लिए हो रहे उपचुनाव की मतगणना भी आज होगी, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से सबसे अधिक चर्चा शिवनन्दनपुर नगर पंचायत के पहले चुनाव की है। चुनाव परिणाम से क्षेत्र की स्थानीय राजनीति की दिशा तय होने की संभावना जताई जा रही है।
<










