रायगढ़ के 34 स्कूलों में बढ़ेंगी सुविधाएं: उत्थान परियोजना का होगा विस्तार, स्कूलों में डेस्क-बेंच से लेकर बैग-स्टेशनरी तक, छात्रों को मिलेंगी नई सुविधाएं – Raigarh News
अदाणी फाउंडेशन ने रायगढ़ में अपनी उत्थान परियोजना का विस्तार किया है। इस योजना के तहत अब 34 सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 1800 से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और नई सुविधाओं का लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत 22 प्राथमिक, 8 मिडिल और 4 हाई स्कूल शामिल हैं। नए सत्र की शुरुआत पर सभी स्कूलों में प्रवेश उत्सव और पालक-शिक्षक बैठकें आयोजित की गईं। इस साल 750 नए डेस्क-बेंच लगाए जा रहे हैं, जिससे करीब 1500 विद्यार्थियों को बैठकर पढ़ने की बेहतर सुविधा मिलेगी। बड़े भंडार, बुंगा, सुपा, चंदली, गोर्रा, टपरदा, कलमा, पुसलदा और महादेवपाली के स्कूलों में यह काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। अदाणी फाउंडेशन पहले भी स्कूलों में स्मार्ट टीवी, डेस्क-बेंच, स्कूल बैग, स्टेशनरी और लाइब्रेरी की किताबें उपलब्ध करा चुका है। इससे बच्चों के पढ़ाई के माहौल में सुधार देखने को मिला है। परियोजना के तहत बड़े भंडार, सुपा, बुंगा और चंदली के हाई स्कूलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बनाया जाएगा, ताकि पानी का संरक्षण हो और बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े। आने वाले समय में सभी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी किट और पढ़ाई का जरूरी सामान दिया जाएगा। वहीं, मिडिल और हाई स्कूल की छात्राओं के लिए स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे और उन्हें हेल्थ एवं हाइजीन किट भी दी जाएगी। अदाणी फाउंडेशन का कहना है कि उत्थान परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा, अच्छी सुविधाएं और सीखने का बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।
<











