धमतरी में अधेड़ का शव मिला: तेंदुए के हमले से मौत की आशंका, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में तेंदुए के हमले की आशंका से एक बार फिर दहशत फैल गई है। बेलरगांव इलाके के कोड़मुड़ गांव में 55 वर्षीय चैतूराम मंडावी का शव बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत तेंदुए के जानलेवा हमले से हुई है। चैतूराम मंडावी मंगलवार को अपने घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद गुरुवार को गाड़िया डोंगरी किनारे उनका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर घसीटने के निशान मिले हैं, जिससे तेंदुए की मौजूदगी और हमले की आशंका और मजबूत हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीण शाम ढलते ही अपने घरों में दुबकने लगे हैं। धमतरी वन मंडल के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि यह मामला बिड़गुड़ी वन परिक्षेत्र के कोड़मुड़ गांव का है और घटना दो-तीन दिन पुरानी प्रतीत हो रही है। वन विभाग की टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। डीएफओ बोले- सबूतों से तेंदुए के हमले की संभावना ज्यादा उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत वन्य प्राणी के हमले से हुई है या किसी अन्य कारण से। डीएफओ ने बताया कि मौके पर मिले सबूतों और घसीटने के निशानों के आधार पर तेंदुए के हमले की संभावना अधिक लग रही है। उन्होंने यह भी बताया कि धमतरी और गरियाबंद जिले के जंगलों में तेंदुओं की संख्या काफी अधिक है और गर्मी के दिनों में भोजन व पानी की तलाश में वन्य प्राणी गांवों की ओर पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने किया सतर्क वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। डीएफओ ने सलाह दी कि छोटे बच्चों को शाम के समय अकेले बाहर न छोड़ें और रात में कोई भी व्यक्ति, विशेषकर बुजुर्ग, घर के बाहर न सोएं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में तेंदुए के हमलों में अधिकतर छोटे बच्चे और बुजुर्ग ही निशाना बने हैं। वन विभाग द्वारा लगातार गांवों में मुनादी कर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। दो साल पहले बच्ची को उठा ले गया था तेंदुआ बतादें कि करीब दो साल पहले भी इसी इलाके में एक घटना हुई थी। उस समय आंगन में खेल रही तीन साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया था। अब फिर एक अधेड़ ग्रामीण की संदिग्ध मौत के बाद पूरे वनांचल क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल है।
Source link













