28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल, छत्तीसगढ़ में भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित; RBI ने 27 सितंबर को सभी शाखाएं खुली रखने का दिया निर्देश

देशभर में 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में भी तीन दिनों तक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से बैंकिंग कामकाज शुरू होगा, लेकिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी रहेगी। इसके बाद शनिवार-रविवार की छुट्टी होने के कारण अक्टूबर की शुरुआत में करीब एक सप्ताह तक बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित होने की स्थिति बन रही है।
हालांकि इस स्थिति को देखते हुए आरबीआई ने 27 सितंबर को देश की सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों और एटीएम-लिंक ब्रांचों समेत सभी सर्विसेज को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। इस दिन सभी बैंकिंग कामकाज सामान्य तरीके से चलेंगे। इसके अलावा बैंकों की तरफ से भी ग्राहकों को एसएमएस के जरिए जरूरी बैंकिंग काम निपटाने की सलाह दी जा रही है।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल का असर सरकारी बैंकों के साथ ग्रामीण और सहकारी बैंकों के कामकाज पर भी पड़ेगा। बैंकिंग संगठनों के मुताबिक, केंद्र स्तर पर मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई बैठक में भी कोई समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में तय तारीखों पर हड़ताल जारी रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ के कारोबारियों के अनुसार, पांच से सात दिनों में अलग-अलग सेक्टर में करीब 5 हजार करोड़ रुपए तक का लेन-देन प्रभावित हो सकता है। इसमें आरटीजीएस, एनईएफटी और बैंकिंग के दूसरे माध्यमों से होने वाले भुगतान शामिल हैं। बैंकिंग सेवाएं धीमी होने से नकद निकासी, भुगतान और पैसों के सेटलमेंट में देरी हो सकती है। इसका असर कारोबारियों और कंपनियों के कामकाज पर भी पड़ सकता है।
बैंकिंग लेन-देन पर निर्भर उद्योगों पर भी हड़ताल का असर पड़ सकता है। इसमें स्टील, माइनिंग, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोलियम, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, इलेक्ट्रिकल, रिटेल और होलसेल कारोबार शामिल हैं। बड़े भुगतान और बैंकिंग से जुड़े सेटलमेंट प्रभावित होने पर इन क्षेत्रों में भुगतान की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि जनता की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक असर न पड़े, इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे। रिजर्व बैंक ने सभी शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक ब्रांचों और करेंसी चेस्ट्स को इस दिन पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। हालांकि, चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और फिजिकल डॉक्यूमेंटेशन से जुड़े कामों में देरी होना तय है।
बैंक यूनियंस लंबे समय से हफ्ते में 5 दिन काम यानी 5-डे वर्किंग की मांग कर रही हैं। यूनियंस का कहना है कि मार्च 2024 में बाइलेटरल वेज रिवीजन एग्रीमेंट के तहत 5-डे बैंकिंग पर सहमति बनी थी और इस पर हस्ताक्षर भी हुए थे, लेकिन सरकार ने इसे अब तक लागू नहीं किया है। इससे पहले यूनियंस ने 11 सितंबर को 1 दिन की हड़ताल की थी और मांग न माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक समेत एसबीआई और पीएनबी जैसे कई प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें। बैंक ने ग्राहकों से एटीएम, कस्टमर सर्विस व इंटरनेट बैंकिंग जैसी सुविधाओं का उपयोग करने को कहा है। मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और दूसरे डिजिटल माध्यमों का अधिक इस्तेमाल करने की अपील भी की गई है। हड़ताल के दौरान शाखा से मिलने वाली सेवाओं के लिए ग्राहकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बैंकों में हर महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को काम होता है, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। वर्तमान में बैंक कर्मचारी संगठन सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने और हफ्ते में केवल 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार) काम की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके बदले वे रोजाना के कामकाजी समय में 30 से 45 मिनट अतिरिक्त देने को तैयार हैं।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) भारत में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के नौ प्रमुख ट्रेड यूनियनों का एक ग्रुप है। यह संगठन बैंक कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, काम के घंटे, पेंशन और अन्य मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत करता है तथा मांगें पूरी न होने पर हड़ताल का आह्वान करता है।












