कांग्रेस MLA बोले-खनिज विभाग की कार्रवाई दिखावे तक सीमित: दिलीप लहरिया ने कहा-अवैध खनन-परिवहन से सड़कें खराब;विभाग ने किया 9 वाहन जब्त करने का दावा – Bilaspur (Chhattisgarh) News
ये तस्वीर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया की है। (फाइल फोटो)
बिलासपुर जिले में खनिज का अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। मस्तूरी से कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया ने आरोप लगाया है कि खनिज विभाग की कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित है, जिसके कारण उनके विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें खराब हो गई हैं।
.
विधायक ने बताया कि मंगला से सेंदरी, दोमुंहानी और घुटकू जैसे क्षेत्रों में सुबह से ही अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे ट्रैक्टर और हाइवा की कतारें देखी जा सकती हैं। उन्होंने जोंधरा से वसंतपुर रोड का एक वीडियो शेयर किया है। वहीं, खनिज विभाग ने 9 हाइवा जब्त करने का दावा किया है।
खनिज विभाग की ओर से जब्त किए गए हाइवा।
अवैध परिवहन के सड़कें हो चुकी हैं जर्जर
विधायक के अनुसार, वसंतपुर, मुकुंदपुर, उदईबंद, अमलडीहा, परसोढ़ी और सोनसरी सहित कई सड़कें अवैध परिवहन के कारण जर्जर हो चुकी हैं। वसंतपुर की जर्जर सड़क को सुधारने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के बहिष्कार की घोषणा की थी।
1800 मतदाताओं ने नहीं किया मतदान- विधायक प्रतिनिधि का दावा
जिला पंचायत में विधायक प्रतिनिधि संतोष दुबे ने दावा किया कि वसंतपुर के 1800 मतदाताओं ने वोट नहीं डाला, क्योंकि उनकी सड़क सालों से खराब है। दूसरी ओर खनिज विभाग ने बिलासपुर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाने का दावा किया है।
इस हाइवा को भी जब्त किया गया है।
13 स्थानों का किया गया निरीक्षण
विभाग के अनुसार, कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर उप संचालक के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में हाल ही में 5 हाइवा सहित कुल 9 वाहन जब्त किए गए हैं। खनिज विभाग ने यह भी बताया कि मंगला, पाटबाबा, लोखड़ी, तुरकाडीह, निरतु, घुटकू, लमेर, लारिपारा, लोफन्दी, कछार, ढेका, दर्रीघाट और लावर सहित 13 स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध परिवहन करते पाए गए 9 वाहनों को जब्त किया गया।
<










