विज्ञापन दें / सहयोग करें

कमिश्नर ने 2 निगम कर्मचारियों को किया बर्खास्त: बिना सूचना ड्यूटी से गायब थे ड्राइवर, रायगढ़ में लापरवाह कर्मचारियों को आयुक्त की चेतावनी – Raigarh News



छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नगर निगम के कार्यों में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। इसी के चलते निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने अचानक वाहन विभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दो ड्राइवर बिना सूचना के अनुपस्थित हैं, जिस पर आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल सेवा से मुक्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वाहन विभाग की उपस्थिति पंजी, वाहनों की स्थिति और संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया। अनुपस्थित पाए गए दोनों ड्राइवरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र में सफाई, कचरा उठाव, मरम्मत कार्य सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं संचालित की जाती हैं। इन कार्यों के लिए ड्राइवरों और कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट-रोस्टर के अनुसार तय की जाती है। ऐसे में बिना सूचना के अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है। लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अन्य लापरवाह कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि बिना ठोस कारण के अनुपस्थित पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्त किया जाएगा। जनगणना कार्यों का किया अवलोकन कमिश्नर ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने जनगणना कार्य का भी अवलोकन किया। वर्तमान में जनगणना कार्य के अंतर्गत सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी वार्डवार लगाई गई है। नगर निगम क्षेत्र में 48 वार्डों के साथ बाह्यवृद्धि के 3 वार्ड कलमी, बेंद्राचुंआ और बड़े अतरमुड़ा शामिल हैं। इस प्रकार कुल 51 वार्डों में लगभग 2 लाख 50 हजार की आबादी निवासरत है। प्रत्येक वार्ड में 700 से 800 की जनसंख्या के आधार पर एक ब्लॉक निर्धारित किया जाएगा। इसके लिए सभी वार्ड प्रभारियों को अपने-अपने वार्डों में ब्लॉक निर्धारण का कार्य सौंपा गया है। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने गूगल मैप के माध्यम से ब्लॉकों की स्थिति और संख्या का जायजा लिया। उन्होंने सभी वार्ड प्रभारियों को अपने वार्डों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से ब्लॉक निर्धारण का कार्य करने के निर्देश दिए।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button