कलेक्टर ने पीएचसी में एंटीवेनम वैक्सीन उपलब्धता के दिए निर्देश: बलौदाबाजार में अस्पतालों, क्विक रिस्पॉन्स टीम और कंट्रोल रूम को अलर्ट रहने के आदेश – baloda bazar News
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में मानसून के दौरान स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में पर्याप्त मात्रा में एंटीवेनम वैक्सीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश के मामलों में मरीजों का तत्काल उपचार हो सके। कलेक्टर ने अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ, दवाइयों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पूरे स्वास्थ्य अमले को अलर्ट मोड पर रखने और विकासखंड स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम को किसी भी महामारी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मितानिनों को घर-घर निगरानी की जिम्मेदारी बैठक में बारिश के मौसम में स्वच्छ खान-पान और शुद्ध पेयजल को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। मितानिनों को अपनी दवा पेटी में सभी आवश्यक दवाइयां रखने, रोजाना घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने और किसी भी बीमार व्यक्ति की सूचना तुरंत पीएचसी को देने के निर्देश दिए गए। पेयजल और बाढ़ सुरक्षा पर भी फोकस पीएचई विभाग को सभी पेयजल स्रोतों की जांच और क्लोरीनीकरण का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए राजस्व, पुलिस और आपदा राहत दलों को अलर्ट रहने के आदेश दिए गए। पांच चिन्हित पुलों पर जरूरत पड़ने पर आवागमन रोकने और जिला कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए। खाद-बीज और किसान योजनाओं की समीक्षा बैठक में खरीफ सीजन के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण और एग्रीस्टेक पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा नई समितियों में भी खाद-बीज वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा बैठक में राजस्व प्रकरण, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, सीपी ग्राम्स, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण सहित समय-सीमा वाले मामलों की भी समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, अभिषेक गुप्ता, एआर टंडन, निशा नेताम मड़ावी, सीमा ठाकुर सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
<

&w=390&resize=390,220&ssl=1)









