आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट: धमतरी, कांकेर और जगदलपुर में करेंगे SIR अभियान की समीक्षा – Raipur News
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज दो दिन के दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इस दौरान वे पूरे प्रदेश में चल रहे SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) अभियान की समीक्षा करेंगे और कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।
.
पायलट दोपहर 12:30 बजे रायपुर पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे धमतरी के लिए रवाना हो जाएंगे। धमतरी में वे संविधान बचाओ दिवस के आयोजन में शामिल होंगे और उसके बाद SIR अभियान की समीक्षा बैठक लेंगे।
धमतरी के कार्यक्रमों के बाद सचिन पायलट कांकेर जाएंगे। वहां वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लेंगे। देर शाम वे जगदलपुर पहुंचेंगे।
27 नवंबर को जगदलपुर में पायलट SIR अभियान की विस्तृत समीक्षा करेंगे और मीडिया से भी बात करेंगे। इसके बाद शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। जिलाध्यक्षों की लिस्ट के इंतजार के बीच पायलट का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस ने कंट्रोल रूम बनाया, SIR अभियान की मॉनिटरिंग जारी
SIR अभियान की लगातार निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। सलाम रिजवी को इसका संयोजक नियुक्त किया गया है। कंट्रोल रूम जिलों से आने वाली शिकायतों, मतदाताओं के नाम काटे जाने और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करेगा।
कांग्रेस ने सभी जिलों में मास्टर ट्रेनर भी नियुक्त किए हैं, जो बूथ लेवल एजेंट और कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की ट्रेनिंग दे रहे हैं। निर्देश यह भी है कि किसी मतदाता का नाम बिना कारण न हटाया जाए।
SIR की समय सीमा 3 महीने बढ़ाने की मांग
कांग्रेस का कहना है कि इस समय राज्य में धान खरीदी का व्यस्त सीजन चल रहा है। ऐसे में किसान SIR प्रक्रिया में सही तरीके से भाग नहीं ले पा रहे हैं। पार्टी ने मांग की है कि अभियान की समय सीमा 3 महीने बढ़ाई जाए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि SIR का उपयोग “कांग्रेस के मजबूत बूथों में मतदाताओं के नाम हटाने” के लिए किया जा रहा है।
राज्य में 2 करोड़ 12 लाख से ज्यादा मतदाता
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 27 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ में कुल 2,12,30,737 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 2,10,25,208 मतदाताओं को SIR का गणना फॉर्म दिया जा चुका है।
21 नवंबर 2025 तक 65 लाख से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा कर लिया गया है। यह कुल वोटरों का लगभग 31% है।
<












