मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जशपुर दौरा: अटल सुशासन समारोह में होंगे शामिल, विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
फरसाबहार के सराईटोली और कुनकुरी सलियाटोली में आयोजित अटल सुशासन समारोह में होगें शामिल
जशपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 दिसंबर को जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे इस दौरान फरसाबहार और कुनकुरी विकासखंडों में आयोजित अटल सुशासन समारोह में शामिल होकर कई महत्वपूर्ण विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर से दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। वे 1:25 बजे फरसाबहार विकासखंड के सराईटोली पहुंचेंगे। यहां 1:30 से 2:30 बजे तक आयोजित अटल सुशासन चौपाल में वे जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे 2:45 बजे सराईटोली से रवाना होकर 3:05 बजे कुनकुरी के सलियाटोली पहुंचेंगे।
कुनकुरी के सलियाटोली स्टेडियम में आयोजित अटल सुशासन समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, जल आपूर्ति और शिक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही वे “देश का प्रकृति परीक्षण अभियान” में भी भाग लेंगे।
विशिष्ट अतिथि भी होंगे मौजूद
इस अवसर पर वित्त एवं प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव, और अन्य जनप्रतिनिधि भी समारोह में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री शाम 4:05 बजे सलियाटोली से बगिया के लिए रवाना होंगे। वहां से कार द्वारा अपने निज निवास पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
जशपुर के विकास की नई दिशा
मुख्यमंत्री का यह दौरा जशपुर जिले के विकास के लिए एक नई दिशा तय करेगा। अटल सुशासन समारोह के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के बीच पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।













