“मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय का जन्मदिन आज, सामाजिक और धार्मिक सेवा में निभा रहीं सक्रिय भूमिका”
जशपुर : सेवा, सादगी और समर्पण की प्रतिमूर्ति श्रीमती कौशल्या साय का जन्मदिवस आज
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी श्रीमती कौशल्या साय का आज 11 मार्च को जन्मदिवस है। सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक जीवन में अपनी सक्रियता एवं सादगी के लिए पहचानी जाने वाली श्रीमती साय जनसामान्य के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं। लोगों की समस्याओं को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर समाधान निकालने वाली उनकी सहज प्रवृत्ति के कारण उनके निवास स्थान पर हमेशा लोगों की उपस्थिति बनी रहती है।
राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर श्रीमती कौशल्या साय का विवाह 27 मई 1991 को श्री विष्णुदेव साय से हुआ। साय दंपति एक पुत्र और दो पुत्रियों के अभिभावक हैं। वे स्वयं त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में जनपद सदस्य के रूप में निर्वाचित रह चुकी हैं। दिवंगत नेता स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव उन्हें स्नेहपूर्वक “बहुरिया साहब” कहकर पुकारते थे।
श्रीमती साय सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में विशेष रुचि रखती हैं तथा अनेक आयोजनों की प्रेरणास्रोत भी रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के राजनीतिक जीवन में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। विधायक से मुख्यमंत्री बनने तक के सफर में वे हर मोड़ पर उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं। उन्होंने परिवार और समाज के बीच संतुलन बनाते हुए श्री साय को पूर्णतः समर्पित वातावरण दिया, जिससे वे निश्चिंत होकर संगठनात्मक और प्रशासनिक कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सके।
अपने एक वक्तव्य में श्रीमती साय ने कहा कि जब उनका विवाह हुआ, तब श्री विष्णुदेव साय विधायक थे और आज वे जनता के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से मुख्यमंत्री पद पर आसीन हैं। वे मानती हैं कि यह जनविश्वास ही उनके परिवार को छत्तीसगढ़ की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
श्रीमती साय का पारिवारिक जीवन भी अनुकरणीय है। वे बताती हैं कि उनके परिवार में मां, पुत्र, पुत्रियां सहित सभी सदस्य एक साथ रहते हैं और घर में केवल पारिवारिक व सामाजिक चर्चाएं होती हैं। राजनीति की चर्चाओं से घर को दूर रखा जाता है। उनका प्रयास रहता है कि जब मुख्यमंत्री घर पर हों, तो वे केवल पारिवारिक गतिविधियों में ही संलग्न रहें।
श्रीमती कौशल्या साय का मानना है कि छत्तीसगढ़ की जनता का स्नेह, सहयोग और समर्थन ही मुख्यमंत्री को इस महत्वपूर्ण दायित्व को निभाने की शक्ति देता है। जन्मदिवस के इस अवसर पर उन्हें जिलेवासियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।










