न्यायपालिका में ‘पावर पॉलिटिक्स’ की दस्तक! भाजपा जिलाध्यक्ष के करीबी की पत्नी की नियुक्ति पर बवाल, अधिवक्ता संघ ने उठाए सवाल
📌 न्यायपालिका में ‘पावर पॉलिटिक्स’ की दस्तक!
भाजपा जिलाध्यक्ष के करीबी की पत्नी की नियुक्ति पर बवाल, अधिवक्ता संघ ने उठाए सवाल
घरघोड़ा (गौरी शंकर गुप्ता)। जिले में न्यायिक नियुक्तियों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विशेष लोक अभियोजक (POCSO) के पद पर अधिवक्ता अर्चना मिश्रा की की गई नियुक्ति को लेकर तहसील अधिवक्ता संघ, घरघोड़ा ने गंभीर आपत्ति दर्ज की है। अधिवक्ता संघ का कहना है कि इस नियुक्ति में न केवल तय प्रक्रिया की अनदेखी की गई, बल्कि सत्ता पक्ष के दबाव और राजनीतिक रसूख के ज़रिए एक विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाया गया है।
संघ के अनुसार, इस पद के लिए विधिवत रूप से पांच योग्य अधिवक्ताओं का पैनल तैयार कर प्रशासन को भेजा गया था, जिसमें अर्चना मिश्रा का नाम नहीं था। हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने इस पद के लिए कोई आवेदन भी नहीं किया था और उन्हें संघ की ओर से कोई अनुशंसा भी प्राप्त नहीं थी। फिर भी उन्हें सीधे नियुक्त कर दिया गया, जिससे पूरी चयन प्रक्रिया की नैतिकता और वैधानिकता पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
🔹 सत्ता और रिश्तों का समीकरण?
अधिवक्ता अर्चना मिश्रा, प्रेम मिश्रा की पत्नी हैं, जो भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान के निकट सहयोगी और व्यावसायिक साझेदार बताए जाते हैं। अधिवक्ता संघ का आरोप है कि इस नियुक्ति में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रभाव का भी प्रयोग किया गया। संघ का यह भी कहना है कि एक तरफ प्रशासन पारदर्शिता की बात करता है, वहीं दूसरी ओर सत्ता से जुड़े लोगों की सीधी नियुक्ति न्यायपालिका जैसी संवेदनशील संस्था में भी होने लगी है, जो बेहद चिंता का विषय है।
🔹 न्यायिक योग्यता भी संदेह में
इस नियुक्ति पर सबसे गंभीर आरोप यह है कि अर्चना मिश्रा के विरुद्ध न्यायालय में एक मामला पहले से लंबित है, जबकि विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किए जाने के लिए यह अनिवार्य शर्त होती है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कोई भी आपराधिक या गैर-आपराधिक मामला लंबित न हो। यदि यह तथ्य सही पाया जाता है, तो यह न केवल नैतिक रूप से अनुचित, बल्कि कानूनी रूप से भी अमान्य नियुक्ति मानी जाएगी।
🔹 अधिवक्ता संघ की मांग – तत्काल निरस्तीकरण
तहसील अधिवक्ता संघ ने इस पूरी प्रक्रिया को लोकतांत्रिक प्रणाली की अवहेलना और न्यायपालिका में राजनीतिक हस्तक्षेप की मिसाल बताया है। संघ ने मांग की है कि इस नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और पहले से तय प्रक्रिया के तहत ही योग्य अधिवक्ता की नियुक्ति की जाए।
देखें शिकायत पत्र 👇
🔹 भाजपा सरकार की छवि पर सवाल
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब भाजपा सरकार ‘सुशासन, पारदर्शिता और कानून के राज’ की बात कर रही है। मगर अब जब न्यायिक नियुक्तियों में भी ‘नेटवर्क’ और ‘राजनीतिक सिफारिश’ की भूमिका सामने आने लगी है, तो इससे पार्टी की साख पर भी आंच आती दिख रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की नियुक्तियाँ न केवल जनता के न्याय प्रणाली पर विश्वास को डगमगाती हैं, बल्कि यह सत्ता और संस्थानों के बीच संतुलन के लिए खतरनाक संकेत हैं।








