विज्ञापन दें / सहयोग करें

कृषि विवि:इंक्यूबेशन सेंटर 4 साल से अधूरा, लागत 14 से 26 करोड़ हुई; जिम्मेदार कोई नहीं

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बायो-इंक्यूबेशन सेंटर का निर्माण चार साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। वर्ष 2022 में शुरू हुई इस परियोजना को करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से 18 महीने में पूरा किया जाना था। निर्माण में देरी के साथ परियोजना की लागत बढ़ गई। लागत बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सेंटर की लागत 14 करोड़ से बढ़कर करीब 26 करोड़ रुपए हो गई है। हद तो यह है कि परियोजना 18 महीने में पूरी होनी थी तो चार साल बाद भी अधूरी है। देरी के लिए जिम्मेदारी तय करने के बजाय परियोजना की लागत बढ़ा दी गई। वहीं न तो संबंधित ठेकेदार पर पेनल्टी लगी और न ही विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर काेई कार्रवाई हुई। अब परियोजना में टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। नियमानुसार जिस कंपनी को टेंडर मिलता है, उसी को काम करना होता है। काम दूसरी एजेंसी को देने की सीमा भी तय है। आरोप है कि टेंडर एक कंपनी को मिलने के बावजूद भुगतान दूसरी कंपनी के नाम पर किया जा रहा है। इस संबंध में कृषि विवि के अधीक्षक भौतिक सयंत्र मोहन कोमरे से फोन के माध्यम संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। प्रशासनिक भवन भी अधूरा, अब 7 करोड़ और खर्च होंगे बायो-इक्यूबेशन सेंटर की तरह इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन भी समय पर पूरा नहीं हो सका। वर्ष 2018 में शुरू हुए इस भवन को डेढ़ साल में तैयार किया जाना था। उस समय अनुमानित लागत 7 करोड़ रुपए थी। वर्ष 2019 में ठेकेदार और विश्वविद्यालय की इंजीनियरिंग शाखा के बीच विवाद के बाद निर्माण बंद हो गया। इसके बाद भवन अधूरा पड़ा रहा। निर्माण में देरी और खर्च के बावजूद काम पूरा नहीं होने पर विश्वविद्यालय ने दो-तीन बार जांच कराई, लेकिन जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई। जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी नहीं की गई। अब शासन से निर्माण दोबारा शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। भवन पूरा करने के लिए करीब 7 करोड़ रुपए और खर्च होंगे। एग्री से हेल्थकेयर तक बायोटेक इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा
सेंटर में एनालिटिकल टेस्टिंग सुविधाएं विकसित की जानी हैं। यहां एग्री बायोटेक, हेल्थकेयर बायोटेक, फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में काम करने वाले स्टार्टअप को सुविधा देने की योजना है। स्टार्टअप को तीन साल तक सेंटर में काम करने की सुविधा मिलेगी। परियोजना का उद्देश्य जैव संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ शोध संस्थानों और उद्योगों के बीच समन्वय बढ़ाना है। बायो इंक्यूबेशन सेंटर जल्द शुरू हो जाएगा
बायो इंक्यूबेशन सेंटर का निर्माण ​कृषि विवि परिसर में हो रहा है। यह भवन वर्ष 2022 में बनना शुरू हुआ था। उम्मीद है कि जल्द ही यह सेंटर जल्द ही शुरू हो जाएगा। – कपिलदेव दीपक, कुलसचिव, कृषि विवि

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button