प्रेमजाल में फंसाकर महिला से 8 लाख की ठगी, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध – Bilaspur (Chhattisgarh) News
क्राइम रिपोर्टर | बिलासपुर कोरबा की एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ निवासी युवक ने करीब 8 लाख रुपए ठग लिए। पहले आरोपी ने महिला से शारीरिक संबंध बनाए, फिर नौकरी दिलाने का झांसा देकर साढ़े 3 लाख रुपए नकद ले लिए। इसके बाद उसने अलग-अलग कहानियां बनाकर करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर भी ले लिए।तोरवा थाने में सोमवार को महिला ने ठग प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोरबा निवासी महिला की 2023 में चांपा-जांजगीर जिले के पामगढ़ निवासी पवन यादव से मैट्रिमोनियल साइट पर पहचान हुई थी। दोनों शादी करने को लेकर सहमत हुए थे। इसके बाद 2024 में दोनों की मुलाकात बिलासपुर में हुई और फिर उनकी लगातार मुलाकातें होने लगीं। इस दौरान उनके बीच शारीरिक संबंध भी बने। आरोपी ने महिला को नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े 3 लाख रुपए की मांग की। चूंकि दोनों शादी करने वाले थे, इसलिए महिला ने उस पर भरोसा कर 3.5 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद पवन ने और पैसों की जरूरत उसके जेवर भी ले लिए। आरोपी महिला से मिलने कोरबा जाने के बजाय उसे हर बार बिलासपुर बुलाता था। बिलासपुर के तोरवा स्थित एक होटल में ही दोनों अक्सर रुकते थे। महिला के साथ आरोपी ने होटल में ही शारीरिक संबंध बनाए और रुपए व जेवर भी वहीं लिए। इसलिए मामले में तोरवा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
<











