जशपुर के स्कूल में विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का प्रस्ताव
जशपुर के शासकीय हाई स्कूल सरबकोम्बो में 415 वोल्ट लाइन के सुरक्षा मानकों को लेकर उठे सवालों पर विद्युत विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। निरीक्षण में लाइन नियमानुसार पाई गई, जबकि ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने का प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजा गया है।
जशपुरनगर के शासकीय हाई स्कूल सरबकोम्बो में दो भवनों के बीच से गुजर रही 415 वोल्ट विद्युत लाइन को लेकर सुरक्षा संबंधी खबरों पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, कुनकुरी संभाग ने तथ्यात्मक प्रतिवेदन जारी किया है। विभाग का कहना है कि स्थल निरीक्षण और तकनीकी सर्वेक्षण में आशंकाएं सही नहीं पाई गईं।
निरीक्षण में सुरक्षा मानक पाए गए अनुरूप
कार्यपालन यंत्री, कुनकुरी ने बताया कि वितरण केंद्र नारायणपुर के अंतर्गत स्कूल परिसर में निरीक्षण किया गया। इसमें पाया गया कि दो भवनों के बीच से एल.टी. (415 वोल्ट) की एक स्पैन लाइन गुजर रही है, लेकिन इसका क्षैतिज क्लियरेंस भवन से 1.20 मीटर से अधिक और भूमि से 4.6 मीटर है, जो सीईए के निर्धारित मानकों के अनुरूप है।
सर्विस केबल स्थापित, ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का प्रस्ताव
विभाग ने बताया कि विद्यालय के दोनों भवनों की विद्युत आपूर्ति को और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सर्विस केबल स्थापित कर दी गई है। साथ ही, स्कूल के पास स्थित ट्रांसफार्मर को अधिक उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए सर्वेक्षण कर प्राक्कलन तैयार किया गया है। इस प्रस्ताव को शिक्षा विभाग को भेज दिया गया है ताकि आवश्यक स्वीकृति और भुगतान किया जा सके।













