विज्ञापन दें / सहयोग करें

सूरजपुर के महेशपुर जंगल में चला बुलडोजर: 25 पंडो परिवारों के मकान ढहाए, कांग्रेस ने संवेदनहीन कार्रवाई बताया – Surajpur News



सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित महेशपुर जंगल में वन विकास निगम की शासकीय भूमि से कथित अवैध अतिक्रमण हटाया गया। जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग, वन विकास निगम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 25 पंडो जनजाति परिवारों के लकड़ी के मकानों पर बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह कानून के तहत चलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित परिवारों को पिछले कई महीनों में 5 से 6 बार नोटिस जारी किए गए थे और कई बार समझाइश भी दी गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी दो बार अतिक्रमण हटाने की कोशिश की गई थी, लेकिन विरोध के कारण अभियान पूरा नहीं हो सका था। इस बार पूरे प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में सरकारी भूमि को खाली कराया गया। हालांकि, बरसात की दस्तक के बीच हुई इस कार्रवाई ने कई मानवीय और सामाजिक सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का तर्क है कि मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है, इसलिए यह कार्रवाई की गई। वन विभाग और प्रशासन का कहना है कि अभी लगातार बारिश शुरू नहीं हुई है, इसलिए अभियान चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक यदि लगातार वर्षा हो रही होती तो मानवीय आधार पर कार्रवाई टालने पर विचार किया जाता। प्रशासन का यह भी दावा है कि प्रभावित परिवार मूल रूप से दूसरे क्षेत्रों के निवासी हैं और उन्हें अपने मूल गांव लौटने के लिए कहा गया है। घरेलू सामान सुरक्षित ले जाने के लिए वन विकास निगम की ओर से वाहन भी उपलब्ध कराए गए। अतिक्रमण हटाने के बाद बेघर हुए परिवार वहीं, बुलडोजर चलते ही महिलाएं फूट-फूटकर रोती नजर आईं। बच्चे खुले आसमान के नीचे खड़े रहे और परिवार अपने टूटे हुए आशियानों का सामान समेटते दिखाई दिए। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि उनके मकान तोड़ने से पहले रहने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि अब बरसात के मौसम में उनके सामने सबसे बड़ा संकट सिर छुपाने का है और वे पूरी तरह बेघर हो चुके हैं। कांग्रेस: आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते दत्तक पुत्रों को बेदखल किया जा रहा इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बरसात के समय अतिक्रमण हटाकर राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाने वाले पंडो समाज के लोगों को बेघर किया जा रहा है। कांग्रेस ने इसे संवेदनहीन कार्रवाई बताते हुए पुनर्वास की व्यवस्था पहले सुनिश्चित करने की मांग की है।


<

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button