खैरागढ़ के मण्डीप खोल गुफा 27 अप्रैल को खुलेगी: साल में एक दिन खुलती है; वैज्ञानिकों ने जताई चिंता,गुफा के पारिस्थितिक तंत्र को खतरा – Khairagarh News
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में ठाकुरटोला जमीदारी क्षेत्र में स्थित रहस्यमयी मण्डीप खोल गुफा 27 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोली जाएगी। खास बात यह है कि यह गुफा साल में सिर्फ एक दिन खुलती है। मान्यता के अनुसार अक्षय तृतीया के बाद आने वाले पहले सोमवार को यहां भगवान शिव के दुर्लभ दर्शन होते हैं। इस बार यहां लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पहले राजपरिवार करेगा पूजा, फिर शुरू होंगे दर्शन परंपरा के अनुसार गुफा खुलने के बाद सबसे पहले ठाकुरटोला राजपरिवार पूजा-अर्चना करेगा। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे। घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित इस गुफा तक पहुंचना आसान नहीं है। श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों से गुजरना पड़ता है और कई जगह नदी पार करके यहां पहुंचना होता है। गुफा के अंदर शिवलिंग, कुंड और श्वेत गंगा मण्डीप खोल गुफा के भीतर प्राकृतिक शिवलिंग, एक पवित्र कुंड और श्वेत गंगा नामक जलधारा मौजूद है। यह जलधारा आसपास के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण जल स्रोत मानी जाती है। इसी वजह से यह गुफा आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध है। हर साल छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। वैज्ञानिकों ने जताई चिंता हाल के शोधों में सामने आया है कि मण्डीप खोल गुफा एक बेहद संवेदनशील प्राकृतिक तंत्र है। यहां का वातावरण हमेशा अंधेरा, अत्यधिक नम और लगभग स्थिर रहता है। विशेषज्ञों के मुताबिक गुफा में रहने वाले जीव-जंतु इसी विशेष माहौल में ढले हुए हैं। उनका जीवन बाहर से आने वाले सीमित जैविक पदार्थों पर निर्भर करता है। ऐसे में अत्यधिक मानवीय गतिविधियां गुफा के संतुलन को बिगाड़ सकती हैं। ज्यादा भीड़ से बढ़ सकता है खतरा वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर एक साथ बहुत ज्यादा भीड़ गुफा में जाती है, तो शोर, कंपन और प्रदूषण बढ़ता है। इससे गुफा के अंदर रहने वाले जीवों और चट्टानों दोनों को नुकसान पहुंच सकता है। गुफा वैज्ञानिक डॉ. जयंत बिस्वास के अनुसार, गुफा तब तक जीवित मानी जाती है जब तक उसकी जैव विविधता सुरक्षित रहती है। उन्होंने कहा कि गुफा की पूरी सफाई करना भी सही नहीं है, क्योंकि इससे प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला टूट सकती है। प्रशासन का फोकस: सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण वैज्ञानिकों की चेतावनी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से दर्शन कर सकें और गुफा के प्राकृतिक संतुलन को नुकसान न पहुंचे। आस्था के साथ संरक्षण की भी चुनौती मण्डीप खोल गुफा आज आस्था, रोमांच और विज्ञान का अनोखा संगम बन चुकी है। 27 अप्रैल को यहां एक बार फिर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हम इस अनमोल प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रख पाएंगे?
<












