विज्ञापन दें / सहयोग करें

कांकेर में जीएसटी अधिकारी 1.50 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, हाथ धोते ही गुलाबी हुआ पानी

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार शाम कांकेर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जीएसटी की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी और उनके सहयोगी सीए इमरान मेमन को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी आदर्श नगर स्थित अधिकारी के किराए के मकान में दबिश देकर की गई।

एसीबी टीम को सामने देखते ही असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी घबरा गईं और पकड़े जाने के डर से उन्होंने डेढ़ लाख रुपए के नोटों के बंडल पास की नाली में फेंक दिए। इसके बाद वह घर के अंदर भागने लगीं। हालांकि, इससे पहले कि वह अंदर जाकर अपने हाथ धो पातीं, एसीबी की महिला सदस्यों ने उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान, बाहर से उनके सहयोगी सीए इमरान मेमन को भी हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपियों के हाथ धुलवाए गए, तो पानी गुलाबी हो गया। यह इस बात का पुख्ता प्रमाण था कि नोटों पर एसीबी द्वारा लगाया गया केमिकल उनके हाथों पर लग गया था। इस ठोस सबूत के आधार पर एसीबी ने दोनों आरोपियों आंचला गिरी और इमरान मेमन को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पूरा मामला 18 नवंबर की रात का है, जब जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी ने माकड़ी में कांकेर के स्क्रैप कारोबारी शोएब रंगरेज का एक वाहन पकड़ा था। कारोबारी शोएब रंगरेज के अनुसार, उनके वाहन में पूरा वैध ई-वे बिल मौजूद था, लेकिन अधिकारी ने तकनीकी कमियां निकालकर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने की धमकी दी।

शोएब रंगरेज ने बताया कि उन्होंने इतनी बड़ी राशि देने में अपनी असमर्थता जताई, जिसके बाद अधिकारी ने 2 लाख रुपए में सौदा तय किया। इस राशि में 50 हजार रुपए सरकारी पेनाल्टी के रूप में और 1.50 लाख रुपए अधिकारी की व्यक्तिगत रिश्वत के तौर पर शामिल थे। कारोबारी पर रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद, एसीबी ने शनिवार को रिश्वतखोरों को पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया। शनिवार शाम ठीक 3.30 बजे, आदर्श नगर स्थित किराए के मकान के बाहर गेट पर असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी इंतजार कर रही थीं। कुछ ही देर में उनके मीडिएटर सीए इमरान मेमन वहां पहुंचे और 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी, यानी कुल 1.50 लाख रुपए, आंचला गिरी के हाथ में थमा दिए।

जैसे ही अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, आसपास घेराबंदी कर छिपी एसीबी की टीम तुरंत गेट की ओर दौड़ी और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। शिकायतकर्ता शोएब रंगरेज ने बताया, “मैडम ने गाड़ी पकड़ ली और मुझे बुलाया। मैंने उन्हें बताया कि इस मामले में कार्रवाई करने का आपका अधिकार क्षेत्र नहीं है, गाड़ी छोड़ दीजिए, तो मैडम बोलीं मैं कुछ भी कर सकती हूं। बिल होने के बावजूद कार्रवाई की धमकी देने लगीं। गाड़ी में मात्र 3 लाख का माल था, लेकिन 10 लाख रुपए की पेनाल्टी बता दी। मैडम ने कहा कि मैं कई तरीके से कमी निकाल 10 लाख का जुर्माना बना दूंगी। मैंने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो 50 हजार सरकारी पेनाल्टी पटाने और 1.50 लाख खुद के लिए रिश्वत मांगी। मैंने पैसों का इंतजाम न होने की बात कहकर दो दिन का समय मांगा और सीधे एसीबी से संपर्क किया। “

एसीबी रायपुर के डीएसपी रमेश मरकाम ने बताया कि जीएसटी अधिकारी और उनके सहयोगी दोनों के हाथों में रंग पाया गया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा 12 के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया है। उनके आवास की भी तलाशी ली जा रही है, ताकि और सुराग मिल सकें। वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप श्रीवास्तव के अनुसार, भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7 व 12 दोनों गैर-जमानती हैं। इसमें आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल दाखिल किया जाता है। धारा 7 में कम से कम 3 साल व अधिकतम 7 साल तक तथा धारा 12 में 7 साल तक की सजा हो सकती है। देर रात तक आरोपियों के आवास की तलाशी जारी रही और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया भी चल रही थी।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button