सरगुजा में शहर के बाहर हटाए जाएंगे सभी पटाखा गोदाम: मुकेश प्लास्टिक में आगजनी की जांच के लिए बनी कमेटी, कलेक्टर ने मांगी रिपोर्ट – Ambikapur (Surguja) News
अंबिकापुर के घनी आबादी वाले इलाके में संचालित मुकेश प्लास्टिक एजेंसी में लगी भीषण आग के बाद कलेक्टर सरगुजा ने एक्शन लेते हुए सभी पटाखा गोदामों को शहर से बाहर हटाने का निर्देश दिया है। कलेक्टर ने मुकेश प्लास्टिक हाउस में लगी भीषण आग की जांच के लिए कमेटी भी बनाई है। इसमें एफएसएल के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों के विस्फोट हुए, यह भी जांच के दायरे में हैं। अंबिकापुर के राममंदिर के सामने गली में संचालित मुकेश प्लास्टिक हाउस में गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई थी, जिसे काबू करने में 20 घंटे से अधिक का समय लगा। आग अब भी बिल्डिंग के अंदरूनी इलाके में लगी हुई है, लेकिन तीन मंजिला मकान के ऊपरी माले के ढहने से फायर ब्रिगेड का अमला बाहर से ही पानी डाल रहा है। मौके पर शुक्रवार देर शाम तक फायर ब्रिगेड का अमला तैनात रहा। आगजनी की जांच करेगा संयुक्त दल कलेक्टर अजीत वसंत ने आगजनी की जांच के लिए संयुक्त जांच दल का गठन किया है। कलेक्टर ने सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर की ओर से गठित जांच दल में अंबिकापुर एसडीएम, सीएसपी अंबिकापुर, एफएसएल के अधिकारी,, जिला नगर सेना तथा नगर पालिक निगम के ईई शामिल हैं। जांच दल घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच करेगा। इसमें पटाखों के विस्फोट से आग के भयावह होना भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर कलेक्टर, एसपी सहित करीब तीन घंटे मौजूद रहे, इस दौरान भी पटाखों में धमाके होते रहे। वहीं संचालक का दावा है कि दुकान में पटाखे नहीं रखे गए थे। सभी पटाखा गोदाम शहर से बाहर होंगे शिफ्ट
कलेक्टर ने आगजनी की घटना के बाद नगर में संचालित पटाखा गोदामों को शहर से बाहर शिफ्ट करने का आदेश दिया है। अंबिकापुर में कुल 8 लोगों के पास स्थायी पटाखा लाइसेंस हैं और 2 लोगों के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है। इनमें मो. जुनैद, सतीश कुमार जैन, विनोद कुमार जैन, रोशनलाल गोयल, आशीष कुमार अग्रवाल, अजय कुमार गोयल, गौरीशंकर पांडेय, मुकेश कुमार अग्रवाल (इनके पास दो लाइसेंस हैं, जिसमें एक निर्माण का है) और मनोज कुमार मारू (निर्माण लाइसेंस) शामिल हैं। एसडीएम अंबिकापुर इन सभी गोदामों की जांच करेंगे कि वे शहर के बाहर संचालित हो रहे हैं या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कहीं गोदाम रिहायशी इलाके में तो नहीं हैं और वहां फायर ब्रिगेड पहुंचने की व्यवस्था ठीक है या नहीं। अगर जांच में अवैध भंडारण या घनी आबादी के बीच गोदाम पाए जाते हैं, तो उन्हें वहां से हटाया जाएगा।
Source link











