खमतराई के कबाड़ी ठिकाने पर मंदिर हसौद पुलिस की रेड: कबाड़ी के यार्ड से चोरी का सरिया और पिग आयरन बरामद; आरोपियों से पूछताछ जारी – Raipur News
रायपुर में चोरी का पिग आयरन और सरिया खरीदने वाले सिंडिकेट पर मंदिर हसौद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने कबाड़ी रुपेश के यार्ड में छापा मारकर भारी मात्रा में चोरी का सरिया और पिग आयरन बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रेलर ड्राइवर और चोरी का माल खपाने वाले कबाड़ी को रडार पर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह मामला खमतराई थानाक्षेत्र का है। इस तरह इस सिंडिकेट का हुआ खुलासा मंदिर हसौद पुलिस के अनुसार, चंदन कुमार सिंह ने थाना पहुंचकर ट्रेलर नंबर CG 04 JC 6215 के ड्राइवर के खिलाफ 6.90 लाख रुपए का सरिया चोरी करने की शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि चोरी का सरिया खमतराई इलाके में यार्ड चलाने वाले रुपेश को बेचा गया था। पुलिस ने शनिवार को रुपेश के यार्ड में छापा मारा और वहां से सरिया, पिग आयरन और काटा जब्त किया। अफसरों को भी नहीं पड़ी रेड की जानकारी पुलिस के अनुसार, मंदिर हसौद टीम ने जब खमतराई इलाके में रेड मारी तो थाना प्रभारी समेत कमिश्नरेट के अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी। मामला मीडिया में सामने आया, तो अफसर जांच में शामिल ना होने और जानकारी ना होने की बात बोलते नजर आए। रायपुर ग्रामीण के अधिकारियों ने मंदिर हसौद इलाके में कार्रवाई करने की पुष्टि की है। पुलिस अफसर ने कहा- मामले में जांच होगी खमतराई थानाक्षेत्र में चोरी का सरिया और पिग आयरन खरीदने वाला सिंडिकेट यार्ड चला रहा है, लेकिन कमिश्नरेट के अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं है। मंदिर हसौद पुलिस की कार्रवाई से कबाड़ियों का यार्ड चलने की बात सामने आई है। कमिश्नरेट के अधिकारियों ने मामले में जांच करने की बात कही है।
<











