धमतरी: सेलून दुकान में युवक पर चाकू से हमला: कोतवाली से 100 मीटर दूर वारदात, आरोपी फरार, घायल अस्पताल में – Dhamtari News
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कोतवाली थाने से करीब 100 मीटर दूर एक सेलून दुकान में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। यह घटना धमतरी जिले के इतवारी बाजार स्थित प्रदीप सेलून दुकान में हुई। बताया जा रहा है कि कुछ युवक बाल कटवाने दुकान पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक पर धारदार चाकू से दो बार वार किया गया। हमले के बाद दुकान में खून फैल गया और घायल युवक खून से लथपथ होकर घर की ओर भागा। कुछ लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हमलावर चाकू को सेलून में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायल युवक की पहचान प्रिंस ध्रुव के रूप में हुई है। दुकान संचालक प्रदीप ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। प्रदीप ने बताया कि बांसपारा से कुछ लोग बाल कटवाने आए थे, जिनके पीछे उनके दोस्त भी पहुंचे। इसी दौरान मारपीट हुई और एक युवक के गर्दन में चाकू घोंप दिया गया।
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि इतवारी बाजार के पास एक सेलून में चाकू बाजी की सूचना मिली थी। वहां पर युवक ने एक दूसरे युवक पर धारदार चाकू से हमला किया। युवक के शरीर में दो-तीन जगह पर चोटे आई है। युवक को धमतरी के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर युवक को पकड़ा गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। उन्होने यह भी बताया कि अब तक एक ही आरोपी है जो कि उनका दोस्त है उनके साथ दो-तीन और आए हुए थे जिनकी तलाश जारी है। बताया गया कि दोनों के बीच में नवंबर महीने में लड़ाई झगड़ा हुआ था और उसकी भी रिपोर्ट हुई थी। उसी रंजिश चलते सोमवार को घटना को अंजाम दिया गया है।
<












