समोदा में 10 एकड़ में अफीम की खेती का मामला: कांग्रेस ने प्रशासन और पुलिस पर उठाए सवाल, कहा– बिना पौधों के गिनती और सर्वे के कलेक्टर ने कैसे बताया कीमत – durg-bhilai News
समोदा गांव में करीब 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती मिलने के मामले को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर अफीम की खेती होना और प्रशासन को इसकी जानकारी न होना कई सवाल खड़े करता है। सोमवार को जिला कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई जिलाअध्यक्षों ने मिलकर पत्रकारवार्ता में शासन-प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाया। कांग्रेस नेता राकेश ठाकुर ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का पहला और बहुत बड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरदावरी रिपोर्ट में भी गड़बड़ी की गई है। उनका कहना है कि अगर सही तरीके से सर्वे किया गया होता तो इतनी बड़ी खेती पहले ही सामने आ जाती। पुलिस चौक-चौराहों पर वसूली करती है, लेकिन अफीम नहीं पकड़ सकी
भिलाई जिलाध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अक्सर चौक-चौराहों पर खड़ी होकर चालान के नाम पर वसूली करती है, लेकिन समोदा गांव में इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती चल रही थी और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने इसे पुलिस की बड़ी विफलता बताया। विनय ताम्रकार के भाईयों को नहीं बना रहे अपराधी
दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि समोदा गांव में करीब 10 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। इस मामले में बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि जिस जमीन पर खेती हुई है, उसमें उनके दो और भाइयों का भी हिस्सा है, लेकिन उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। इसलिए उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि सामान्य किसान खेती की रखवाली के लिए रखवार या कोटवार रखते हैं, लेकिन यहां बाउंसर लगाए गए थे। इससे साफ है कि यहां सामान्य खेती नहीं बल्कि अफीम का कारोबार चल रहा था। नेताओं ने यह भी कहा कि पौधों में चीरा लगा हुआ था और गांव वालों ने बताया कि होली से पहले भी यहां से कंटेनर में अफीम की सप्लाई की गई थी। कलेक्टर के प्रेस कांफ्रेस पर भी उठाए सवाल
राकेश ठाकुर ने बताया कि जब वे पूर्व मुख्यमंत्री के साथ मौके पर पहुंचे थे तो अधिकारियों ने कहा था कि अफीम के पौधों की गिनती के बाद उसकी कीमत तय की जाएगी। लेकिन उसी दिन शाम को कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए की अफीम होने की बात कह दी। कांग्रेस का सवाल है कि जब सर्वे और गिनती पूरी नहीं हुई थी तो इतनी सटीक कीमत कैसे तय कर ली गई। कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि इस मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना चाहिए कि अफीम कहां बेची जा रही थी और इसके तार देश या विदेश तक जुड़े हैं या नहीं। पार्टी ने मांग की है कि बड़े अधिकारियों की निगरानी में नार्को टेस्ट भी कराया जाए और एक तारीख से लेकर गिरफ्तारी तक पुलिस और प्रशासन के सभी संपर्कों की जांच हो। किस विधायक-मंत्री से संबंध उसकी भी जांच हो
कांग्रेस नेताओं ने विनायक ताम्रकार के बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पहले उन्होंने कहा कि यह जमीन उनकी नहीं है, फिर कहा कि यह उनकी बहनों की जमीन है। बाद में उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कोई बहन नहीं है। इसके बाद दो महिलाएं सामने आईं और उन्होंने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद से विनायक ताम्रकार उन्हें खेत में जाने नहीं देते थे। कांग्रेस ने कहा कि यह काम कोई अकेला व्यक्ति नहीं कर सकता। इसलिए यह भी जांच होनी चाहिए कि विनायक ताम्रकार के संबंध किन नेताओं या प्रभावशाली लोगों से थे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में पूरी कार्रवाई नहीं हुई तो 12 तारीख को पूरे प्रदेश में जिला भाजपा कार्यालयों का घेराव किया जाएगा और आंदोलन जारी रहेगा।
<









