विज्ञापन दें / सहयोग करें

माओवादी संगठन को बड़ा झटका… शीर्ष कमांडर देवजी के आत्मसमर्पण की खबर

देश में माओवादी हिंसा के सबसे बड़े चेहरों में शामिल भाकपा (माओवादी) के शीर्ष मिलिट्री कमांडर, पोलित ब्यूरो सदस्य और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के प्रभारी …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 22 Feb 2026 05:33:31 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Feb 2026 05:33:31 PM (IST)

थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी

HighLights

  1. शीर्ष माओवादी मिलिट्री कमांडर देवजी के आत्मसमर्पण की खबर
  2. तेलंगाना में मल्लाराजी रेड्डी व 16 माओवादियों संग डाले हथियार
  3. पांच करोड़ से अधिक का इनामी था देवजी, आधिकारिक पुष्टि बाकी

नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। देश में माओवादी हिंसा के सबसे बड़े चेहरों में शामिल भाकपा (माओवादी) के शीर्ष मिलिट्री कमांडर, पोलित ब्यूरो सदस्य और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के प्रभारी 63 वर्षीय थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी के आत्मसमर्पण की खबरें सामने आई हैं। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार देवजी ने तेलंगाना में ओडिशा राज्य प्रभारी और केंद्रीय समिति सदस्य 73 वर्षीय मल्लाराजी रेड्डी उर्फ संग्राम तथा लगभग 16 अन्य माओवादी कैडरों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। हालांकि तेलंगाना पुलिस की ओर से अब तक इसकी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मुलुगु जिले में समर्पण और करोड़ों का इनाम

सूत्रों के मुताबिक यह आत्मसमर्पण तेलंगाना के मुलुगु जिले में हुआ है। देवजी पर पांच करोड़ रुपये से अधिक तथा संग्राम पर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। दोनों ही शीर्ष माओवादी तेलंगाना के करीमनगर जिले के मूल निवासी बताए जा रहे हैं। भाकपा (माओवादी) के महासचिव नम्बाला केशव राव उर्फ बसवा राजू के मारे जाने के बाद संगठन की कमान पहले सेंट्रल रीजनल ब्यूरो प्रभारी मल्लोजुला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति के पास थी। भूपति के 15 अक्टूबर 2025 को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आत्मसमर्पण के बाद संगठन की वास्तविक कमान अघोषित रूप से देवजी के हाथों में आ गई। ऐसे में यदि देवजी के आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह माओवादी संगठन के लिए निर्णायक झटका माना जाएगा।

माओवाद उन्मूलन का लक्ष्य और सुरक्षा बलों की सफलता

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश से माओवाद के समूल उन्मूलन का लक्ष्य तय किया है। इसके बाद से छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल सहित देश के प्रमुख माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के अभियान तेज हुए हैं। बीते एक वर्ष में नेतृत्व स्तर पर माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान हुआ है। एक साल में नौ केंद्रीय समिति सदस्यों समेत लगभग 300 माओवादी मारे गए हैं, जबकि 2700 से अधिक माओवादी समर्पण कर मुख्यधारा में लौट चुके हैं।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया

सीमावर्ती राज्यों में कुछ वरिष्ठ माओवादी कैडरों के आत्मसमर्पण की खबरों को लेकर चर्चा है, लेकिन स्थापित प्रोटोकाल के तहत किसी भी घटना की आधिकारिक पुष्टि संबंधित राज्य प्राधिकारियों द्वारा ही की जाती है। वर्तमान परिस्थितियों में माओवादी कैडरों के पास हिंसा त्यागकर समाज की मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। – सुंदरराज पी., बस्तर आइजीपी

केंद्रीय गृहमंत्री की ओर से मिली रणनीतिक स्वतंत्रता के बाद माओवादी हिंसा के खिलाफ अभियान अपने अंतिम चरण में है। यदि देवजी और संग्राम के आत्मसमर्पण की पुष्टि होती है, तो यह माओवादी संगठन के सफाये की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता होगी। – विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री

अब सुरक्षा बलों के निशाने पर ये माओवादी

पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी सदस्य

  • गणपति (एम. लक्ष्मण राव), 74 वर्ष, सलाहकार, सेंट्रल कमेटी
  • मिशिर बेसरा (भास्कर), 63 वर्ष, प्रभारी, ईआरबी (इस्टर्न रिजनल ब्यूरो), झारखंड
  • अन्य सेंट्रल कमेटी सदस्य
  • अनल दा उर्फ तुफान (सचिव, बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी; सारंडा जंगल क्षेत्र में सक्रिय)
  • सब्यसाची गोस्वामी उर्फ अजय दा (सचिव, पश्चिम बंगाल-आसाम एरिया कमेटी)

(इनमें कोई भी छत्तीसगढ़ में सक्रिय नहीं।)

यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म, पिता के करीबी ने ही बनाया हवस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार


Source link

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button