विज्ञापन दें / सहयोग करें

35 लाख रुपये का 1 क्विंटल गांजा जप्त, दो आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजे की तस्करी

जशपुर पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार

जशपुर :- जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लाख रुपये मूल्य का 1 क्विंटल गांजा जप्त किया और दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता तपकरा, घुमरा और बनडेगा मार्ग पर की गई नाकाबंदी के दौरान हासिल हुई।

गांजा बरामदगी: पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट कार से कुल 46 पैकेट भूरे प्लास्टिक टेप में लिपटा हुआ 1 क्विंटल गांजा बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी:

1. सूरज गौतम (उम्र 19 वर्ष), निवासी मुशीलाठपुर, थाना भदोही, जिला भदोही (उत्तर प्रदेश)।

2. शिवम गुप्ता (उम्र 23 वर्ष), निवासी सहरमा, दुर्गागंज, थाना बरसठी, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश)।

तस्करी का मार्ग: ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा ले जाया जा रहा था।

12 जनवरी 2025 को तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मारुति स्विफ्ट कार (MP09CM-8238) में दो व्यक्ति गांजा लेकर तपकरा, घुमरा, बनडेगा मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तपकरा और फरसाबहार थानों की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने पर, कार की तलाशी ली गई। ड्राइवर की सीट और डिक्की से कुल 46 पैकेट गांजा बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज:

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)ii(ग) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस की टीम की भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, थाना प्रभारी फरसाबहार विवेक भगत, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने सराहनीय भूमिका निभाई।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि तीन थानों की संयुक्त टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। तस्करों के मास्टरमाइंड को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है।

इस सफलता से जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों को कड़ा संदेश दिया है कि मादक पदार्थों की तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button