UN के शांति-निर्माण-मिशन पर IPS संतोष सिंह ने लिखी किताब: वैश्विक शांति प्रयासों का है विश्लेषण, CM, विधानसभा अध्यक्ष और डीजीपी को भेंट की प्रति – Raipur News
डीआईजी डॉ. संतोष सिंह की शांति-निर्माण और शांति-स्थापना पर आधारित किताब
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय में डीआईजी डॉ. संतोष सिंह ने संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण पर आधारित अपनी किताब की प्रति छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और डीजीपी अरुण देव गौतम को भी भेंट की।
.
आईपीएस अफसर डॉ. संतोष सिंह की यह किताब संयुक्त राष्ट्र के शांति-निर्माण (पीस बिल्डिंग) और शांति-स्थापना (पीस मेकिंग) प्रयासों पर आधारित है, जो शीत युद्ध के बाद हिंसाग्रस्त देशों में शांति स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर केंद्रित है।
उन्होंने किताब में बताया है कि शीत युद्ध के बाद, 21वीं सदी में दुनिया के हिंसाग्रस्त देशों में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने शांति-रक्षा (पीस कीपिंग) और शांति-स्थापना (पीस मेकिंग) के प्रयासों से आगे बढ़कर शांति-निर्माण (पीस बिल्डिंग) जैसे नए कार्यों पर ध्यान देना शुरू किया है।
संयुक्त राष्ट्र के शांति-निर्माण प्रयासों का विश्लेषण
साथ ही इस समय, संयुक्त राष्ट्र के पीस बिल्डिंग कमीशन के तहत, गृह युद्ध से जूझ रहे देशों और युद्धग्रस्त क्षेत्रों में शांति-निर्माण मिशन काम कर रहे हैं, जो दुनिया में शांति के प्रयासों को मजबूत बना रहे हैं, इसका भी जिक्र है।
इस किताब में दुनिया भर में चल रहे इन शांति प्रयासों के सिद्धांत और वास्तव में धरातल पर हो रहे कार्यों का विश्लेषण भी है। डॉ. संतोष सिंह की यह किताब विदेश नीति के साथ देश के अंदर हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में स्थाई शांति स्थापित करने के लिए जरूरी पहलुओं को समझने में भी मदद करेगी।
भारत का संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में तीसरा सबसे बड़ा योगदान
बतादें कि भारत अंतर्राष्ट्रीय शांति व सुरक्षा बनाए रखने में संयुक्त राष्ट्र संघ की सहायता करने में दृढ़ता के साथ प्रतिबद्ध है और विभिन्न देशों में कार्यरत शांतिसेनाओं में दुनिया में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में से तीसरे नंबर पर है।
1950 से अब तक हमारे देश ने 49 शांति मिशनों में भाग लिया है तथा लगभग 2 लाख शांतिसैनिकों का योगदान किया है। वरिष्ठ भारतीय पुलिस और सैन्य अधिकारी शांति मिशनों में भाग लेते हैं।
शोध-पत्र कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में हो चुके हैं प्रकाशित
डॉ. सिंह ने अपनी डॉक्टरेट की डिग्री हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग से प्राप्त की, जबकि अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में एमफिल की डिग्री जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से और राजनीतिशास्त्र में एमए की डिग्री बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से की। उनके शोध-पत्र कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं।
यह किताब दुनिया भर में शांति प्रयासों को समझने में मदद करेगी और हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में स्थाई शांति स्थापित करने के लिए आवश्यक तत्वों की समझ बढ़ाने में सहायक होगी।
<










