ग्रामीण-दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा दे रहे बॉन्ड डॉक्टरों के मानदेय बढ़ाने IMA की मांग, समिति गठित।
छत्तीसगढ़ में पोस्ट-MBBS बॉन्ड चिकित्सकों और पोस्ट-PG बॉन्ड (बॉन्डेड सीनियर रेजिडेंट) के मानदेय में संशोधन की तैयारी शुरू हो गई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) छत्तीसगढ़ की मांग के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में एक 6 सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसे 15 कार्य दिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य विभाग से इन चिकित्सकों का मानदेय बढ़ाने की मांग की थी। एसोसिएशन ने अपने पत्र में बताया कि पोस्ट-MBBS और पोस्ट-PG बॉन्ड चिकित्सक ग्रामीण, दूरस्थ और अनुसूचित जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
IMA ने यह मुद्दा उठाया था कि इन चिकित्सकों की जिम्मेदारियां और कार्यभार काफी अधिक हैं। इसके साथ ही, महंगाई और कठिन सेवा शर्तों को देखते हुए उन्हें मिल रहा वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
एसोसिएशन ने यह भी कहा था कि इन क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने और उनकी दीर्घकालिक सेवा सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र-आधारित और प्रोत्साहन-आधारित मानदेय व्यवस्था आवश्यक है। इसी आधार पर MBBS और PG बॉन्ड चिकित्सकों के मानदेय में संशोधन का अनुरोध किया गया था।
IMA की इस मांग पर विचार करते हुए, स्वास्थ्य विभाग ने संविदा पर काम कर रहे मेडिकल ऑफिसर्स (MBBS) और मेडिकल स्पेशलिस्ट (PG) के मानदेय में संशोधन के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए इस 6 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
गठित कमेटी की अध्यक्षता अपर संचालक इंद्रजीत बर्मन करेंगे। उप संचालक स्थापना डॉ. अभिजीत बेनर्जी को इसका सदस्य सचिव बनाया गया है। कमेटी में संयुक्त संचालक प्रेमलता चंदेल, उप संचालक देवेंद्र प्रधान, सहायक लेखा अधिकारी कोमल टंडन और डाटा एंट्री ऑपरेटर दुगेश कुमार गुरु सदस्य के रूप में शामिल हैं। कमेटी को आदेश मिलने के 15 कार्य दिवसों के भीतर अपना स्पष्ट ओपिनियन देना होगा।
यह कमेटी IMA की मांग और मानदेय संशोधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार कर अपनी राय देगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ही बॉन्ड चिकित्सकों के मानदेय में बदलाव को लेकर आगे का निर्णय लिया जा सकेगा, जिससे उन्हें उचित पारिश्रमिक मिल सके।









