विज्ञापन दें / सहयोग करें

लोखाड़ा में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, बकरी चराने वाला सहस राम मिंज गिरफ्तार

कोरबा जिले के ग्राम लोखाड़ा में सुखमनिया एक्का की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने बकरी चराने वाले सहस राम मिंज (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपित लोकड़हा उरांवपारा का निवासी है।

पुलिस ने बताया कि मृतका का आरोपित की पत्नी के साथ उठना-बैठना था और दोनों अक्सर साथ बैठकर शराब पीती थीं। पत्नी की इस आदत को लेकर सहस राम नाराज रहता था और मृतका को भी इससे दूर रहने के लिए कहता था।

घटना के दिन महिला घर से करीब 300 मीटर दूर थी। इसी दौरान सहस राम और उसके बीच इसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने पत्थर से महिला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपित कुछ देर आसपास घूमता रहा और फिर गांव लौट गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला का शव खून से लथपथ मिला। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर भी बरामद हुआ।

मामले की जांच के लिए एफएसएल और डाग स्क्वाड टीम को बुलाया गया। पुलिस डाग बाघा ने घटनास्थल से गंध लेकर आसपास के तीन घरों तक पहुंच बनाई। इनमें सहस राम का घर भी शामिल था। इस सुराग के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और जांच आगे बढ़ाई।

मृतका का पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ था। महिला घर पर अकेली रह रही थी। इसी बीच उसकी हत्या कर दी गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर ने बताया कि जांच में सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सहस राम को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपित के विरुद्ध पसान थाना में धारा 103 (1) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पत्थर जब्त कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button