पुलिस पिटाई से युवक की मौत, दो जवान फरार: अवैध रेत खनन विवाद में 20 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, कांग्रेस ने उठाए सवाल – Manendragarh-Chirmiri-Bharatpur News
छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा पर बरने नदी में अवैध रेत खनन के दौरान एक युवक की हत्या के मामले में दो पुलिसकर्मी 20 दिन बाद भी फरार हैं। घटना के बाद से रेत घाट पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यह घटना 3 मार्च को छत्तीसगढ़ के केल्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम पसौरी स्थित रेत घाट पर हुई थी। यहां मजदूरों का एक समूह ट्रैक्टर से रेत लेने पहुंचा था। इसी दौरान मध्यप्रदेश के शहडोल जिले की दर्शीला पुलिस चौकी से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और रेत परिवहन पर आपत्ति जताई। ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों सहित तीन आरोपियों ने ट्रैक्टर ड्राइवर सोनू चक्रधारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। पहले उसे डंडों से पीटा गया और फिर उसके सिर पर बेलचा से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो पुलिसकर्मियों सहित तीन पर हत्या का केस दर्ज घटना के बाद केल्हारी थाना में मध्यप्रदेश के दो पुलिसकर्मियों सहित तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई करते हुए दर्शीला चौकी प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है, जबकि दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोपी पुलिसकर्मी अब भी फरार पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी मधु जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, प्रधान आरक्षक नितिन शुक्ला और आरक्षक राजू प्रजापति अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। इधर, इस मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। वहीं, एमसीबी की एसपी रत्ना सिंह ने कहा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
<










