रायपुर में चाकू की नोक पर दो लूट: खरोरा-आरंग में बाइक सवार लुटेरों ने वारदात को दिया अंजाम, 5 साल के बेटे के सामने बाप को मारा चाकू – Raipur News
जिले में बेखौफ बदमाशों ने चाकू की नोक पर दो अलग-अलग लूट की वारदातों को अंजाम दिया। आरंग और खरोरा थाना क्षेत्र में हुई घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। सबसे दिल दहला देने वाली घटना आरंग के सोनपैरी गांव में हुई, जहां 5 साल के मासूम बेटे के सामने उसके पिता पर चाकू से हमला कर लूटपाट की गई। आरंग के पीड़ित का नाम चंद्रप्रकाश और खरोरा के पीड़ित का नाम पुलिस द्वारा प्रमोद वर्मा बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला आरंग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोखला निवासी चंद्रप्रकाश डहरिया 15 मई को अपनी ससुराल तूता से बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। रात में जैसे ही वह सोनपैरी गांव के पास मुख्य नहर के करीब पहुंचा, तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने युवक से लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू निकालकर उसके पेट और कंधे पर कई वार किए। हमले में घायल चंद्रप्रकाश सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल और करीब 2 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना के दौरान उसका 5 साल का बेटा मौके पर मौजूद था और पिता को बचाने की गुहार लगाता रहा। बाद में राहगीर भावेश साहू और दीपक साहू ने घायल युवक को आरंग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। खरोरा में बाइक लूटकर हुए फरार इधर दूसरी वारदात खरोरा थाना क्षेत्र के निलजा मोड़ के पास हुई। ग्राम पवनी धरसींवा निवासी प्रमोद वर्मा बाइक से जा रहे थे। निलजा मोड पास सारागाांव में वो रुके इस दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर उनसे मारपीट की और दो मोबाइल फोन व 1200 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को लूटे गए सामान की कीमत 21 हजार रुपए बताई है। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा माना सीएसपी लंबोदर पटेल ने आरंग में हुई चाकूबाजी की पुष्टि की है। सीएसपी ने बताया, कि घटना की सूचना मिलने के बाद दो संदेहियों को पूछताछ के लिए बिठाया है। जांच की जा रही है।
<









