विज्ञापन दें / सहयोग करें

नागपुर में पकड़ी गई दो युवतियों से खुलासा:देश में 13 साल से चल रहा वॉश-वॉश स्कैम, दिल्ली, मुंबई, लखनऊ के कारोबारियों से 50 करोड़ की ठगी

काले कागज को केमिकल से धोकर असली नोट में बदलने का झांसा देकर ठगी करने वाला गैंग करीब 13 साल से देश में सक्रिय है। गैंग में 10-12 सदस्य हैं, जो मुंबई व चेन्नई में रहकर ठगी करते हैं। पकड़ी गई कनिज फातमा ने पूछताछ में हाल ही में लखनऊ में भी इसी तरह की वारदात करने की जानकारी दी है। लंबे समय से ठगी करने के बावजूद गैंग के सदस्य पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। पुलिस अब इनके पुराने मामलों और दूसरे राज्यों में फैले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों युवतियों ने उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और दिल्ली में ठगी करना कबूल किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैंग के ठगी करने के तरीके को वॉश-वॉश स्कैम और ब्लैक मनी स्कैम के नाम से जाना जाता है। इसमें ठग पीड़ित को बताते हैं कि उनके पास विदेश या किसी दूसरे स्रोत से आई बड़ी रकम है। किसी सरकारी एजेंसी या कस्टम की कार्रवाई से बचाने के लिए नोटों पर विशेष केमिकल लगा दिया गया है, जिससे वे काले हो गए हैं। इसे ही काला कागज या ब्लैक नोट कहा जाता है। इन्हें दोबारा इस्तेमाल करने लायक बनाने के लिए विशेष केमिकल से धोना जरूरी बताया जाता है। इसी का झांसा देकर ठगी की जाती है। गिरोह में जोड़ी जा रही युवतियां पुलिस के अनुसार गिरोह में कनिज का कथित पति भी शामिल है। वह गिरोह के सरगना से जुड़ा है। उसी के कहने पर कनिज इस काम में शामिल हुई। उसने ही लखनऊ के कारोबारी को मुंबई बुलाकर झांसा दिया था। दीपिका छह माह पहले ही गैंग से जुड़ी है। उसे ठगी की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस तरह गिरोह में नए लोगों को जोड़ा जा रहा है। इसमें सरगना या बॉस कभी सामने नहीं आता है। 50 प्रतिशत मुनाफा देने का वादा डेमो के बाद ठग बताते हैं कि बड़ी मात्रा में नोटों को साफ करने के लिए विशेष और महंगा केमिकल चाहिए। यह अमेरिका व लंदन से आता है। पीड़ित को कहा जाता है कि वह केमिकल खरीदने के लिए रकम लगाए। बदले में साफ होने वाली करोड़ों की रकम में बड़ा हिस्सा देने का लालच दिया जाता है। कई बार पीड़ित को मुनाफे में 50 प्रतिशत तक हिस्सा देने का झांसा दिया जाता है। रायपुर के कारोबारी उमेश को जितना पैसा खर्च होगा, उसका दोगुना देने का झांसा दिया गया था। भास्कर एक्सपर्ट – अन्वेष मंगलम, रिटायर स्पेशल डीजी किसी भी व्यक्ति के पास मौजूद कथित काले नोट को केमिकल से असली करेंसी में बदलना संभव नहीं है। केमिकल से नोट या काले कागज को असली मुद्रा में बदलने का दावा ठगी का तरीका है। कम समय में बड़ी रकम मिलने या मामूली निवेश के बदले करोड़ों रुपए मिलने के लालच में न आएं। ऐसे किसी प्रस्ताव पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। क्योंकि नोटों की छपाई से लेकर हर काम गोपनीय होता है। यह आरबीआई करता है। इसे कोई भी नहीं कर सकता है।

15 अगस्त विज्ञापन

Related Articles

ताजा खबरें

Back to top button