जशपुर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, मतगणना शुरू
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में फरसाबहार, कांसाबेल और पत्थलगांव जनपद पंचायत क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तीनों जनपद पंचायत क्षेत्रों में कुल 581 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई, जिसमें फरसाबहार में 158, पत्थलगांव में 293, और कांसाबेल में 130 मतदान केंद्र बनाए गए थे। चुनाव के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला, और सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही कतार में लगे रहे। रविवार की रात 9 बजे मिली जानकारी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के तहत 182 सरपंच पदों, 2787 पंच पदों, 62 जनपद पंचायत सदस्य पदों और 6 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ।
अब मतगणना जारी है और जल्द ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।











