भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई “स्वरांजलि भजन संध्या”, देर रात तक गूंजते रहे भजनों के सुर
बिलासपुर/ घरघोड़ा :। श्री शिव गौरी गणेशोत्सव समिति, शिवालय कॉम्प्लेक्स परिस्वरांजलिसर (महर्षि स्कूल के निकट) में शनिवार की संध्या “ भजन संध्या” का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों भक्तगण उपस्थित रहे और देर रात तक भक्ति गीतों का आनंद लेते हुए भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वरांजलि भजन मंडली के प्रमुख कलाकारों का समिति की ओर से पीला अंगवस्त्र, श्रीफल और तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मंडली में प्रमुख गायक दुर्गा विश्वकर्मा, हारमोनियम वादक विनोद ठाकरे, बेन्जो वादक संजू लोनिया, तबला वादक बसंत रजक और ढोलक पर विवेक साहू की प्रस्तुति ने श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद संगीतमय वातावरण में भगवान गणपति जी की आरती की गई और प्रसाद का वितरण हुआ।
भक्ति गीतों की प्रस्तुति
भजन संध्या में एक से बढ़कर एक गीतों ने समा बांध दिया। “गाइये गणपति जग वंदन”, “मैली चादर ओढ़कर कैसे द्वार तुम्हारे जाऊं”, “राम सिया का हम भजन करें बारहों महीने”, “मेरे गणेश देवा जपूं मैं नाम तेरा”, “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” जैसे गीतों ने उपस्थित जनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक चली इस भक्ति श्रृंखला में श्रोता तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रमुख भक्तजनों का सहयोग
कार्यक्रम की सफलता में शिवकुमार साकेत, कृष्णा जोशी, संतोष तिवारी, संतोष प्यासी, अमित पांडेय, रक्षित तिवारी, रितेश मिश्रा सहित अन्य सक्रिय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।










