प्रदेश के 96 प्रतिशत से अधिक राजस्व ग्रामों का सर्वेक्षण पूरा, बस्तर के दुर्गम क्षेत्रों में तकनीक को बनाएंगे मददगार
छत्तीसगढ़ में 20,551 में से 19,805 राजस्व ग्रामों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। रायपुर, महासमुंद और राजनांदगांव सहित कई जिलों में लक्ष्य शत-प्रतिशत हा…और पढ़ें
HighLights
- छत्तीसगढ़ में 96 प्रतिशत राजस्व ग्रामों का सर्वे पूरा
- बस्तर संभाग के दुर्गम क्षेत्रों में काम जारी
- भूमि विवाद सुलझाने डिजिटल रिकॉर्ड जरूरी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.रायपुर। प्रदेश में राजस्व विभाग की ओर से 20,551 राजस्व ग्रामों में से 19,805 (96.37 प्रतिशत) का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में 746 ग्रामों में सर्वे किया जाना शेष है। इसमें से 371 ग्रामों में सर्वेक्षण का कार्य प्रक्रियाधीन है। मैदानी और विकसित क्षेत्रों में सर्वेक्षण का कार्य लगभग शत-प्रतिशत पूरा किया जा चुका है।
रायपुर जिले में 545 ग्रामों का, महासमुंद में 1153 और राजनांदगांव में 694 ग्रामों का सर्वेक्षण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। कवर्धा जिले के 1011, बिलासपुर के 708, जांजगीर-चांपा के 450, सक्ती के 465 और सूरजपुर के 552 का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है।
बस्तर में चुनौतियां, तकनीकी बनी मददगार
बस्तर संभाग के दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में भौगोलिक व तकनीकी चुनौतियों के कारण कार्य अभी भी शेष है। नारायणपुर में सर्वाधिक 240 ग्राम, सुकमा में 111 और बीजापुर में 95 असर्वेक्षित श्रेणी में हैं। हालांकि, विभाग इन क्षेत्रों में विशेष रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कार्य को आगे बढ़ा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि राजस्व ग्राम सर्वेक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भू-संपत्तियों का सटीक डिजिटल रिकार्ड (नक्शे) तैयार करना और नागरिकों को उनकी भूमि व मकान का कानूनी मालिकाना हक (स्वामित्व) प्रदान करना है। यह भूमि संबंधी विवादों को कम करने और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए कारगर है।
विधानसभा में उठा मुद्दा
विधानसभा में सोमवार को बिंद्रानवागढ़ के विधायक जनक ध्रुव ने भू-राजस्व संहिता के प्रविधानों के तहत गांवों में बंदोबस्त का मुद्दा उठाया। राजस्व मंत्री टंकराम ने उनके सवालों का जवाब देते हुए बताया कि प्रविधानों के तहत किसी भी गांव का सर्वेक्षण का निर्धारण सामान्यत: तीस साल में होना होता है। 11 जिलों में बंदोबस्त का काम पूरा हो चुका है। 22 जिलों में प्रकिया चल रही है।
Source link












